भारत और न्यूजीलैंड के बीच हेगली ओवल के मैदान पर दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। न्यूजीलैंड की पहली पारी 356 रन बनाकर सिमटी। भारत की ओर से गेंदबाजी में आकाश दीप का जादू चला और उन्होंने 5 विकेट निकाले। हालांकि, जसप्रीत बुमराह अपनी लय से भटके हुए नजर आए।

बुमराह ने न्यूजीलैंड की पहली पारी के दौरान 26 ओवर का स्पेल फेंका और वह कोई भी विकेट नहीं निकाल सके। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह महज तीसरा मौका है, जब बुमराह 26 ओवर गेंदबाजी करने के बावजूद कोई विकेट नहीं चटका सके हैं। इससे पहले, साल 2021 में हुए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ ही बुमराह 26 ओवर में 79 रन देकर कोई विकेट नहीं ले सके थे।

वहीं, 2021 में लॉर्ड्स के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ एक पारी में 26 ओवर बॉलिंग करने के बाद भी भारतीय तेज गेंदबाज को कोई विकेट नहीं मिला था। पहले टेस्ट की दूसरी इनिंग में भी बुमराह कुछ हद तक संघर्ष करते दिखाई दिए थे और 20 ओवर के स्पेल में सिर्फ एक विकेट ही निकाल सके थे। हालांकि, पहली पारी में जरूर बुमराह ने 4 विकेट झटके थे।

भारत की ओर से गेंदबाजी में आकाश दीप का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 31.1 ओवर के स्पेल में 99 रन देकर 5 विकेट चटकाए। आकाश दीप ने टॉम लाथम, रचिन रविंद्र, नाथन स्मिथ, काइल जेमीसन और मैट हेनरी को पवेलियन भेजा। वहीं, अंशुल कंबोज ने 2 विकेट निकाले। न्यूजीलैंड की तरफ से बल्लेबाजी में विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल ने सर्वाधिक 89 रन बनाए जबकि कप्तान लाथम ने 59 रनों का योगदान दिया। ग्लेन फिलिप्स ने 36 और डेरिल मिचेल ने 31 रन बनाए।

पहली पारी में भारत की शुरुआत बेहद खराब रही है। यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले पवेलियन लौटे जबकि देवदत्त पडिक्कल 21 रन बनाने के बाद काइल जेमीसन का शिकार बने। वहीं, कप्तान शुभमन गिल भी 17 रन बनाने के बाद आउट हुए। केएल राहुल 25 रन ही बना सके, तो पहले टेस्ट में शतकीय पारी खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 23 रन बनाकर आउट हुए।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार