क्रिकेट के मैदान पर जब भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होती हैं तो मुकाबले का रोमांच अपने आप बढ़ जाता है। हांगकांग सिक्सेस (Hong Kong Sixes 2026) में भी दोनों टीमों के बीच शुक्रवार (30 अक्टूबर) को खेले गए मुकाबले में कुछ ऐसा ही देखने को मिला। हालांकि, इस मैच में भारतीय टीम के कप्तान क्रुणाल पांड्या (Krunal Pandya) के लिए गेंदबाजी करना काफी भारी पड़ गया।
मोंग कोक के मिशन रोड ग्राउंड (Mong Kok, Mission Road Ground) पर खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी की। टीम ने अपने निर्धारित 6 ओवर में 88 रन का अच्छा स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए शशांक सिंह (Shashank Singh) ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 11 गेंदों में 40 रन ठोके।
हालांकि, लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने पहले ही ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 31 रन बना दिए। इस ओवर में पाकिस्तान के कप्तान और सलामी बल्लेबाज अब्बास अफरीदी (Abbas Afridi) ने बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज क्रुणाल पांड्या को निशाने पर लिया और उनके ओवर में छक्कों की झड़ी लगा दी।
VIDEO:
अब्बास ने क्रुणाल की गेंदों पर लगातार पांच छक्के जड़कर भारतीय खेमे की मुश्किलें बढ़ा दीं। पाकिस्तानी कप्तान ने जिस अंदाज में गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया, उससे भारतीय टीम के लिए मुकाबले में वापसी करना बेहद मुश्किल हो गया। क्रुणाल के इस ओवर ने मैच का रुख पूरी तरह पाकिस्तान की तरफ मोड़ दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
अब्बास अफरीदी ने इस मुकाबले में महज 8 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 35 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस तूफानी बल्लेबाजी के दम पर पाकिस्तान ने सिर्फ 3.5 ओवर में 89 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया और भारत को 4 विकेट से हरा दिया।