टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक शर्मा का बल्ला लगातार खामोश रहा है। नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले में बिना खाता खोले आउट होकर उन्होंने एक ऐसा रिकॉर्ड बना लिया, जो कोई बल्लेबाज़ नहीं चाहेगा। टूर्नामेंट के शुरुआती तीन मैचों में तीन बार शून्य पर आउट होकर वह ऐसा करने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बने हैं।
भारत के युवा स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा के लिए आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब तक किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। बुधवार (18 फरवरी) को अहमदाबाद में खेले जा रहे ग्रुप स्टेज स्टेज के 33वें मुकाबले में नीदरलैंड्स खिलाफ वह पारी की तीसरी ही गेंद पर बिना खाता खोले क्लीन बोल्ड हो गए। उन्हें नीदरलैंड्स के स्पिनर आर्यन दत्त ने पवेलियन की राह दिखाई।
इसके साथ ही अभिषेक टी20 वर्ल्ड कप के एडिशन में अपने शुरुआती तीन मैचों में तीन बार शून्य पर आउट होने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज़ बन गए हैं। उनसे पहले यह अनचाहा रिकॉर्ड सिर्फ रोजर मुकासा के नाम था, जिन्होंने 2024 टी20 वर्ल्ड कप में युगांडा क्रिकेट टीम की ओर से खेलते हुए लगातार तीन मैचों में डक दर्ज किए थे।
अभिषेक ने इसी साल अपना टी20 वर्ल्ड कप डेब्यू यूएसए के खिलाफ किया था, जहां वह गोल्डन डक का शिकार बने। नामीबिया के खिलाफ दूसरा मुकाबला वह पेट की बीमारी के चलते नहीं खेल पाए, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ वापसी करते हुए भी उनका खाता नहीं खुल सका। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए उस मैच में उन्हें सलमान अली आगा ने चार गेंदों पर शून्य पर आउट किया।
इतना ही नहीं, साल 2026 में अब तक खेले गए आठ टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में अभिषेक शर्मा पांच बार डक का सामना कर चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने भारत के लिए टी20 में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने का अनचाहा रिकॉर्ड भी बराबर कर लिया है, जो पहले संजू सैमसन के नाम था।
इस लिस्ट में यूसुफ पठान, रोहित शर्मा, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव जैसे दिग्गज नाम भी शामिल हैं, लेकिन अभिषेक का पांच बार डक होना इस रिकॉर्ड को और ज्यादा चर्चा में ले आया है।
टी20 इंटरनेशनल में एक कैलेंडर ईयर में भारत के लिए सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाज़
- अभिषेक शर्मा – 8 मैच, 5 बार डक (2026)
- संजू सैमसन – 13 मैच, 5 बार डक (2024)
- यूसुफ पठान – 10 मैच, 3 बार डक (2009)
- रोहित शर्मा – 19 मैच, 3 बार डक (2018)
- रोहित शर्मा – 29 मैच, 3 बार डक (2022)
- विराट कोहली – 10 मैच, 3 बार डक (2024)
- सूर्यकुमार यादव – 21 मैच, 3 बार डक (2025)
Also Read: LIVE Cricket Score
अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले मुकाबलों में अभिषेक शर्मा इस बुरे दौर से कैसे बाहर निकलते हैं या यह रिकॉर्ड लिस्ट और लंबी होती है।