AFG vs IND 3rd T20I: भारत और अफगानिस्तान के बीच गुरुवार (17 सितंबर) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में भारतीय स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) ने एक बार फिर अपनी बेमिसाल यॉर्कर का नजारा पेश किया। अपनी सटीक लाइन और रफ्तार से बुमराह ने बल्लेबाज को ऐसा चकमा दिया कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला।
दरअसल, अफगानिस्तान की पारी के पांचवें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने अफगानिस्तान के युवा बल्लेबाज दरविश रसूली (Darwish Rasooli) को ऐसी यॉर्कर डाली, जिसका बल्लेबाज के पास कोई जवाब नहीं था। इस ओवर की पांचवीं गेंद पर बुमराह ने करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी। गेंद सीधे बल्लेबाज के पैरों के पास जाकर लगी और वहां से टकराने के बाद सीधा स्टंप्स में जा घुसी।
दरविश रसूली इस गेंद को समझ ही नहीं पाए। गेंद इतनी सटीक थी कि उनके पास बल्ला नीचे लाने का भी पूरा समय नहीं था। इस तरह बुमराह ने रसूली को बिना खाता खोले ही पहली ही गेंद पर पवेलियन भेज दिया। यह अफगानिस्तान की पारी का तीसरा विकेट था और उस समय टीम का स्कोर सिर्फ 39 रन था।
VIDEO:
बुमराह की यह यॉर्कर इसलिए भी खास रही क्योंकि अफगानिस्तान 222 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा कर रहा था। ऐसे में इस विकेट गिरने से टीम की मुश्किलें और बढ़ गईं।
मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा की तूफानी शतकीय पारी के दम पर 221 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। अभिषेक ने सिर्फ 34 गेंदों में 108 रन की शानदार पारी खेली और अफगानिस्तान के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। वहीं संजू सैमसन ने भी 35 गेंदों में 50 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी और 14.1 ओवर में सिर्फ 94 रन पर सिमट गई। हाल यह रहा कि अफगानिस्ता का कोई भी बल्लेबाज 25 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका।