साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर एल्बी मोर्केल (Albie Morke) को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। SA20 फ्रेंचाइजी जोबर्ग सुपर किंग्स (Joburg Super Kings) ने उन्हें टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। मोर्केल लंबे समय से सुपर किंग्स परिवार का हिस्सा रहे हैं और अब उन्हें टीम के द्वारा यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज ऑलराउंडर एल्बी मोर्केल अब नई भूमिका में नजर आएंगे। साउथ अफ्रीका में खेली जाने वाली SA20 लीग की फ्रेंचाइजी जोबर्ग सुपर किंग्स ने उन्हें गुरुवार (30 जुलाई) को अपनी टीम का नया हेड कोच नियुक्त करने का ऐलान किया है। फ्रेंचाइजी की शुरुआत से ही वह कोचिंग सेटअप का हिस्सा रहे हैं और अब उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
एल्बी मोर्केल सुपर किंग्स परिवार से लंबे समय से जुड़े हुए हैं। पिछले कुछ सीजन में उन्होंने टीम के सपोर्ट स्टाफ में अहम भूमिका निभाई और खिलाड़ियों के साथ लगातार काम किया। उनके अनुभव और टीम के साथ लंबे जुड़ाव को देखते हुए फ्रेंचाइजी ने उन्हें हेड कोच बनाने का फैसला किया।
अब मोर्केल की कोशिश होगी कि वह आगामी SA20 सीजन में जोबर्ग सुपर किंग्स को शानदार प्रदर्शन कराएं। SA20 का पांचवां सीजन 17 जनवरी 2027 से शुरू होगा। वहीं जोबर्ग सुपर किंग्स अपने अभियान की शुरुआत 18 जनवरी से करेगी।
एल्बी मोर्केल का अंतरराष्ट्रीय करियर भी काफी शानदार रहा है। उन्होंने 2004 से 2015 के बीच साउथ अफ्रीका के लिए एक टेस्ट, 58 वनडे और 50 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और उपयोगी तेज गेंदबाजी के दम पर उन्होंने टीम के लिए कई अहम मैचों में योगदान दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
टी20 क्रिकेट में भी मोर्केल का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 319 टी20 मैचों में 4,248 रन बनाए और 248 विकेट भी अपने नाम किए। दुनियाभर की कई टी20 लीग में खेलने का उनका अनुभव अब कोचिंग में भी टीम के काफी काम आ सकता है।