AU-W vs IN-W One-off Test: एलिसा हीली (Alyssa Healy) की कैप्टेंसी वाली ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने रविवार, 08 मार्च को एकमात्र टेस्ट (पिंक बॉल टेस्ट) के तीसरे दिन महज़ 4.3 ओवर में 25 रनों का लक्ष्य हासिल करके टीम इंडिया को 10 विकेट से मात दी। गौरतलब है कि इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर एन्नाबेल सदरलैंड (Annabel Sutherland) ने अपनी बैटिंग और बॉलिंग दोनों से ही धमाल मचाया।
पर्थ में चमकीं एन्नाबेल सदरलैंड: 24 साल की एन्नाबेल सदरलैंड पर्थ के वाका ग्राउंड में भारतीय टीम पर कहर बनकर टूटी। आलम ये रहा कि उन्होंने पहले तो भारतीय टीम की पहली में 17 ओवर में 46 रन देकर 4 विकेट चटका दिए और फिर ऑस्ट्रेलिया के लिए पहली इनिंग में बैटिंग करके 171 गेंदों पर 17 चौके की मदद से सेंचुरी ठोककर 129 रन बना डाले।
गौर करें कि वो यहां पर ही नहीं रुकी और उन्होंने भारत की दूसरी इनिंग में 6 ओवर गेंदबाज़ी करके 15 रन देकर 2 विकेट और चटका डाले। बताते चलें कि एन्नाबेल सदरलैंड ने मल्टी फॉर्मेट सीरीज में कुल 227 रन बनाए और 13 विकेट झटके जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।
जान लें कि उनके अलावा ऑस्ट्रेलिया के लिए पहली इनिंग में एलिस पेरी ने 116 गेंदों पर 76 रन बनाए, वहीं लूसी हैमिल्टन ने भारत की दोनों इनिंग को मिलाकर 6 विकेट, डार्सी ब्राउन ने 3 विकेट, अलाना किंग ने 2 विकेट और एशले गार्डनर ने 3 विकेट झटके।
जेमिमा और प्रतिका ने भी ठोका पचासा: वाका टेस्ट में भारतीय महिला टीम का बैटिंग ऑर्डर काफी संघर्ष करता दिखा और सिर्फ जेमिमा रोड्रिग्स और प्रतिका रावल ही अर्धशतकीय पारी खेल पाईं। जेमिमा ने टीम की पहली इनिंग में 84 गेंदों पर 52 रन ठोके, वहीं प्रतिका ने दूसरी इनिंग में 137 गेंदों पर 8 चौके जड़कर 63 रन बनाए। उनके अलावा शेफाली ने पहली इनिंग में 48 गेंदों पर 35 रन, काशवी गौतम ने पहली इनिंग में 54 गेंदों पर नाबाद 34 रन और स्नेह राणा ने दूसरी इनिंग में 54 गेंदों पर 30 रनों का योगदान किया।
इसी के दम पर भारतीय टीम अपनी पहली इनिंग में 198 रन और दूसरी इनिंग में 149 रन जोड़ सकी। बात करें अगर भारतीय गेंदबाज़ों की तो सयाली ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 18.4 ओवर गेंदबाज़ी की और 50 रन देकर 4 विकटे झटके। उनके अलावा क्रांति गौड़ और दीप्ति शर्मा ने 2-2 विकेट लिए और स्नेह राणा और शेफाली वर्मा ने 1-1 विकेट चटकाया।
ऑस्ट्रेलिया ने 4.3 ओवर में दर्ज की जीत: हरमनप्रीत कौर की टीम मेजबान ऑस्ट्रेलिया के सामने वाका टेस्ट में जीत हासिल करने के लिए सिर्फ 25 रनों का टारगेट ही रख पाई थी जिसका पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की सलामी बल्लेबाज़ जॉर्जिया वोल ने 13 गेंदों पर नाबाद 16 रन ठोके, वहीं फीबी लिचफील्ड ने 14 गेंदों पर नाबाद 11 रन बनाए। इसी के दम पर मेजबान टीम ने महज़ 4.3 ओवर में 25 रनों का लक्ष्य हासिल किया और 10 विकेट से जीत प्राप्त की।
ऑस्ट्रेलिया ने जीती सीरीज: ये एक मल्टी फॉर्मेट सीरीज थी, जिसमें ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच तीन टी20, तीन वनडे और एक टेस्ट मैच खेला गया। गौर करें इस सीरीज में भारत ने टी20 सीरीज 2-1 से जीती, वहीं इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने वनडे सीरीज को 3-0 से जीतकर अपने नाम किया। इसके बाद उन्होंने अब एकमात्र टेस्ट भी जीत लिया। यही वज़ह है उन्होंने मल्टी फॉर्मेट सीरीज 5-2 से जीती और 12-4 पॉइंट्स से अपने नाम की।