ICC Women's T20 World Cup 2026 Semi Final-1, AUS-W vs WI-W: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर एशले गार्डनर ने अपनी फिरकी का जादू दिखाया। गार्डनर ने दो बड़े विकेट झटककर कैरेबियाई टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। उन्होंने पहले अनुभवी स्टेफनी टेलर को आउट किया और फिर इसी ओवर में जहांजारा क्लैक्टेन को भी पवेलियन भेज दिया।
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला मंगलवार (30 जून) को ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच लंदन के केनिंग्टन ओवल में खेला जा रहा है। इस अहम मुकाबले में वेस्टइंडीज की टीम शुरुआत से ही संघर्ष करती नजर आई। इसी बीच ऑस्ट्रेलिया की स्टार स्पिन ऑलराउंडर एशले गार्डनर ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर वेस्टइंडीज की मुश्किलें और बढ़ा दीं।
वेस्टइंडीज की पारी का 11वां ओवर डालने आईं गार्डनर ने ओवर की दूसरी गेंद पर अनुभवी बल्लेबाज स्टेफनी टेलर का विकेट झटका। गार्डनर ने मिडिल स्टंप पर धीमी गेंद डाली, जिस पर टेलर बैकफुट पर जाकर फ्लिक शॉट खेलने की कोशिश कर रही थीं। हालांकि गेंद पिच पर पड़कर धोड़ी रुक कर आई और नीची भी रही, जिसके कारण गेंद बल्ले का लीडिंग एज लेकर मिडविकेट की ओर हवा में चली गई। वहां मौजूद किम गर्थ ने कोई गलती नहीं की और आसान कैच लपक लिया। स्टेफनी टेलर 2 गेंदों में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं।
ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने जहांजारा क्लैक्टेन को भी अपना शिकार बनाया। गार्डनर ने ऑफ स्टंप के बाहर फ्लाइटेड गेंद डाली, जिस पर क्लैक्टेन आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलने गईं। हालांकि वह गेंद के काफी करीब पहुंच गईं और शॉट में सही ऊंचाई नहीं दे सकीं। गेंद सीधे कवर पर खड़ी कप्तान सोफी मोलिनेक्स के हाथों में चली गई, जिन्होंने कंधे की ऊंचाई पर शानदार कैच लपका। क्लैक्टेन भी 3 गेंदों में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं।
VIDEO:
इन दो ताबड़तोड़ विकेटों के चलते वेस्टइंडीज की टीम 10.5 ओवर में 59 रन पर ही चार विकेट गंवा चुकी थी और टीम पर बड़ा दबाव बन गया। एशले गार्डनर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 13 रन देकर यह दो अहम विकेट झटके।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी पूरी तरह संघर्ष करती नजर आई और टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। कप्तान हेली मैथ्यूज (30 रन 28 गेंद) के बाद डिएंड्रा डॉटिन (26 रन 16 गेंद) ने आखिर ओवरों में कुछ रन जोड़कर टीम को 125 रन तक पहुंचाया।