Asia Cup 2022: दुनिया के प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में से एक एशिया कप 2022 की शुरुआत 27 अगस्त से यूएई में हो रही है। 11 सितंबर तक चलने वाले इस मुकाबले में कुल 9 टीमें हिस्सा लेंगी और सभी का टारगेट एशिया कप के खिताब पर कब्जा करना होगा। बहरहाल, एशिया कप की शुरुआत से पहले इसके इतिहास को समझना और उसपर नजर डालना बेहद जरूरी है। आखिरी बार एशिया कप 2018 में यूएई में खेला गया था जिसे भारत ने जीता था।

Advertisement

Asia Cup History

एशिया कप 1984: एशिया कप पहली बार संयुक्त अरब अमीरात में 1984 में आयोजित किया गया था। भारत, श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच ये एक राउंड-रॉबिन टूर्नामेंट था। राउंड-रॉबिन टूर्नामेंट का मतलब सभी टीमों को सबके साथ मुकाबला खेलना है। भारत ने दो जीत के साथ ये टूर्नामेंट जीता था। वहीं, श्रीलंका पाकिस्तान पर एक जीत के साथ रनरअप रही थी। जबकि, पाकिस्तान अपने दोनों मैचों को हारकर नंबर 3 पर रही थी।

एशिया कप 1986: श्रीलंका 1986 में हुए एशिया कप की मेजबानी कर रहा था। गौर करने वाली बात ये थी कि उस वक्त श्रीलंका के साथ खराब क्रिकेट संबंधों के कारण भारत ने टूर्नामेंट में शिरकत नहीं की थी। वहीं, बांग्लादेश पहली बार एशिया कप में शामिल हुआ था। फाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराकर टूर्नामेंट जीता था।

एशिया कप 1988: बांग्लादेश ने 1988 में एशिया कप की मेजबानी की थी। ऐसा पहली बार हुआ था कि बांग्लादेश में एक बहु-राष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया गया हो। फाइनल में, भारत ने श्रीलंका को 6 विकेट से हराकर अपना दूसरा एशिया कप जीता था।

एशिया कप 1990: भारत में 1990-91 में चौथा एशिया कप आयोजित किया गया था। भारत के साथ तनावपूर्ण रिश्तों के कारण पाकिस्तान ने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया था। भारत ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर एशिया कप का खिताब जीता था।

एशिया कप 1995: पांचवां एशिया कप 1995 में संयुक्त अरब अमीरात में खेला गया था। भारत और श्रीलंका ने पाकिस्तान की तुलना में बेहतर रन रेट के आधार पर फाइनल में जगह बनाई थी। भारत ने लगातार तीसरी बार फाइनल में श्रीलंका को हराकर खिताब जीता था।

एशिया कप 1997: छठा एशिया कप 1997 में श्रीलंका में आयोजित किया गया था। इस बार भी फाइनल में भारत और श्रीलंका की टीम पहुंची थी। इस बार बाजी पल्टी और श्रीलंका ने फाइनल में भारत को 8 विकेट से हराकर अपना दूसरा एशिया कप का खिताब जीता था।

एशिया कप 2000: सातवां एशिया कप 2000 में बांग्लादेश में हुआ था। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच फाइनल खेला गया था। जबकि, भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ केवल एक मैच जीतने में कामयाबी पाई थी और फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं किया। फाइनल में पाकिस्तान ने श्रीलंका को हराकर पहली बार एशिया कप जीता।

एशिया कप 2004: आठवां एशिया कप 2004 में श्रीलंका में हुआ था। ये एशिया कप थोड़ा नया था क्योंकि यूएई और हांगकांग को पहली बार एशिया कप में शामिल किया गया था। फाइनल में श्रीलंका ने भारत को 25 रनों से हराते हुए जीत दर्ज की थी।

एशिया कप 2008: 9वां एशिया कप पाकिस्तान में आयोजित किया गया था। श्रीलंका ने भारत को फाइनल में 100 रनों से हराते हुए टूर्नामेंट को जीता। श्रीलंका के मिस्ट्री स्पिनर अजंता मेंडिस ने फाइनल मुकाबले में 13 रन देकर 6 विकेट झटककर भारत की कमर तोड़ी थी। अजंता मेंडिस को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था।

एशिया कप 2010: 10वां एशिया कप श्रीलंका में 15 से 24 जून तक श्रीलंका में चला था। इसमें केवल चार टेस्ट खेलने वाले एशियाई देशों ने शिरकत की थी। भारत ने फाइनल में श्रीलंका को 81 रनों से हराकर एशिया कप के खिताब पर कब्जा किया था।

एशिया कप 2012: 11वां एशिया कप बांग्लादेश के ढाका में आयोजित किया गया था। पाकिस्तान और बांग्लादेश ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था। बांग्लादेश ने भारत और श्रीलंका को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। पाकिस्तान ने आखिरी ओवर में बांग्लादेश को हराकर अपना दूसरा एशिया कप जीता था। शाकिब अल हसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। 

एशिया कप 2014: 12वां एशिया कप बांग्लादेश के ढाका में आयोजित किया गया था। इस टूर्नामेंट में इस बार अफगानिस्तान के साथ पांच टीमें शामिल थीं। श्रीलंका ने फाइनल में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर पांचवीं बार एशिया कप का खिताब जीता था। श्रीलंका के लाहिरू थिरिमाने को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था।

एशिया कप 2016: इस बार तय हुआ कि एशिया कप टूर्नामेंट एकदिवसीय और टी 20 फॉर्मेट में रोटेशन के आधार पर खेला जाएगा। एशिया कप 2016 टी-20 फॉर्मेट में खेला गया था। 2016 आईसीसी विश्वकप टी20 से ठीक ये खेला गया था जिसमें 5 टीमों ने हिस्सा लिया था। भारत ने फाइनल में बांग्लादेश को 8 विकेट से हराकर एशिया कप जीता था।

एशिया कप 2018: वनडे फॉर्मेट में खेले गए इस एशिया कप में भारत ने फाइनल में बांग्लादेश को 3 विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा किया था। शिखर धवन 5 मैचों में 342 रन के साथ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे, उन्हें मैन ऑफ द सीरीज चुना गया था।

लेखक के बारे में

Prabhat Sharma
Prabhat Sharma - A cricket Analyst and Cricket fan. Worked with Jansatta (The Indian Express Group), Times Now Hindi Digital Team, Zee Media in the past. One can reach him at +91 - 8765180685 Read More
ताजा क्रिकेट समाचार