ब्रिस्टल, 2 जून (CRICKETNMORE)| छुपी रुस्तम टीम का तमगा लेकर इंग्लैंड आई अफगानिस्तान आईसीसी वर्ल्ड कप-2019 के अपने पहले मैच में शानिवार को उस तरह का प्रदर्शन नहीं कर सकी और मौजूदा विजेता ऑस्ट्रेलिया के हाथों उसे सात विकेट से हार झेलनी पड़ी।

Advertisement

बल्लेबाजों के तमाम संघर्षो के बाद भी अफगानिस्तान 38.2 ओवरों में 207 रनों के कुल स्कोर पर ऑल आउट होने से नहीं बच पाई। ऑस्ट्रेलिया ने इस लक्ष्य को 34.5 ओवरों में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। 

Advertisement

208 रनों के आसान से लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को कप्तान एरॉन फिंच और डेविड वॉर्नर ने मजबूत शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 16.2 ओवरों में 96 रन जोड़े। मौजूदा विजेता ने पहला विकेट फिंच के रूप में खोया जो गुलबदीन नैब की धीमी गेंद पर बड़ा शॉट मारने के प्रयास में मुजीब उर रहमान को कैच दे बैठे। फिंच ने 49 गेंदों छह चौके और चार छक्कों की मदद से 66 रन बनाए। 

राशिद खान ने उस्मान ख्वाजा को 156 के कुल स्कोर पर आउट कर अफगानिस्तान को दूसरी सफलता दिलाई। ख्वाजा ने 20 गेंदों पर एक चौके की मदद से 15 रन बनाए।

 

 ऑस्ट्रेलिया के लिए चिंता की बात नहीं थी क्योंकि दूसरे सलामी बल्लेबाज वॉर्नर विकेट पर खड़े हुए थे और उन्हें अब उस बल्लेबाज का साथ मिला जिनके साथ वह एक साल का प्रतिबंध का समय काट कर आ रहे हैं। वॉर्नर और स्टीवन स्मिथ की जोड़ी ने बिना पीछे मुड़े अपनी टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। जीत के लिए जब ऑस्ट्रेलिया को तीन रनों की दरकार थी तभी स्मिथ 18 के निजी स्कोर पर मुजीब की गेंद पर आउट हो गए। अगली गेंद पर ग्लैन मैक्सवेल ने चौका मार ऑस्ट्रेलिया की जीत दिलाई। 

वॉर्नर 89 रनों पर नाबाद लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 114 गेंदें खेलीं और आठ चौके लगाए। इस पारी के लिए वॉर्नर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। 

Advertisement

इससे पहले, टॉस हारने वाली ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों का दबदबा रहा। उसने अफगानिस्तान के आठ विकेट 166 रनों पर ही गिरा दिए थे, लेकिन अंत में राशिद खान ने 11 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 27 रन बना अपनी टीम को 200 के पार पहुंचाया। 

इसमें मुजीब (13) ने भी राशिद का साथ दिया। मुजीब के आउट होने के साथ ही अफगानिस्तान की पारी सिमट गई। 

सिर्फ राशिद ही नहीं अफगानिस्तान को ठीक-ठाक स्कोर तक पहुंचाने में कुछ और बल्लेबाजों का अहम योगदान रहा। इनमें नाजीबुल्लाह जादरान का नाम भी है जो टीम के सर्वोच्च स्कोरर रहे। नाजीबुल्लाह ने 49 गेंदों पर सात चौके और दो छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। रहमत शाह ने भी अहम 43 रन बनाए। 

 
Advertisement

टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला करने वाली अफगानिस्तान ने अपने दो विकेट महज पांच रनों के कुल स्कोर पर खो दिए। यहां से रहमत और हसमातुल्लाह शाहिदी (18) ने टीम को 56 के कुल स्कोर तक पहुंचाया। शाहिदी, एडम जाम्पा की बेहतरीन गुगली में फंस गए। 

रहमत भी 75 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट लिए। उनकी 60 गेंदों की पारी में छह चौके शामिल रहे। दो रन बाद मोहम्मद नबी (7) भी पवेलियन निकल लिए। 

यहां जादरान और नैब ने सातवें विकेट के लिए 83 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी से टीम की सम्मानजनक स्कोर की उम्मीदें लग गई थी जिन्हें मार्कस स्टोइनिस ने नैब को आउट कर तोड़ा। दो रन बाद जादरान भी स्टोइनिस का शिकार बने। दौलत जादरान को आउट कर पैट कमिंस ने अफगानिस्तान को आठवीं सफलता दिलाई। 

Advertisement

यहां से मुजीब और राशिद ने तेजी से रन बनाने शुरू किए और टीम को 200 के पार हो ले गए। 205 के कुल स्कोर पर राशिद, जाम्पा की गेंद पर पगबाधा करार दे दिए गए। इसके बाद कमिंस ने मुजीब को अपना शिकार बना अफगानिस्तान का पुलिंदा बांधा। 

ऑस्ट्रेलिया के लिए जाम्पा और कमिस ने तीन-तीन विकेट लिए। स्टोइनिस ने दो और मिशेल स्टार्क ने एक विकेट हासिल किया।
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार