Australia vs England: मेलबर्न के मैदान पर एशेज टेस्ट सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच का पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। ऑस्ट्रेलियाई टीम का यह फैसला गलत साबित हुआ और इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने पूरी तरह से घुटने टेक दिए।
वहीं मैच के दौरान ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज मार्कस हैरिस के साथ दर्दनाक वाक्या घटा। बेन स्टोक्स की शॉर्ट गेंद को खेलने के चक्कर में मार्कस हैरिस खुद को चोटिल कर बैठते हैं। आलम ये रहा कि मार्कस हैरिस की उंगली से खून बहने लगता है। हालांकि, उनकी यह चोट ज्यादा गंभीर नहीं थी जिसके चलते वह बल्लेबाजी कंटिन्यू रखने का फैसला करते हैं।
मार्कस हैरिस को जैसे ही गेंद लगती है वैसे ही उनके चेहरे के भाव स्पष्ट बता रहे होते हैं कि वह कितनी ज्यादा तकलीफ में हैं। वहीं अगर मैच की बात करें तो इंग्लैंड की टीम अपनी पहली पारी में महज 185 रन बनाकर ऑलआउट हो गई है। इंग्लैंड के लिए उनके कप्तान जो रूट ने सर्वाधिक 50 रनों की पारी खेली। दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 1 विकेट के नुकसान पर 61 रन बना लिए हैं।
बता दें कि इंग्लैंड की टीम इस सीरीज में काफी मुश्किल में है। सीरीज के पहले दो मैच वह हार चुकी है और अगर उसे सीरीज में बने रहना है तो उसके लिए यह मैच जीतना बेहद जरूरी है। अगर इंग्लैंड इस मुकाबले को हारती है तो फिर 5 मैचों की सीरीज में ऑस्ट्रेलिया 3-0 की अजेय बढ़त बना लेगी।