AU-W vs IN-W 2nd T20I: सोफी मोलिनेक्स (Sophie Molineux) की कैप्टेंसी वाली ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम (Australia Women Cricket Team) ने गुरुवार 19 फरवरी को कैनबरा के मनुका ओवल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय टीम को दूसरे टी20 मुकाबले (AU-W vs IN-W 2nd T20) में 19 रनों से हराकर जीत हासिल की। गौरतलब है कि इसी के साथ मेजबान टीम में तीन मैच की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है।
जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, इस मुकाबले में भारतीय कैप्टन हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी थी जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने अपनी इनिंग के 20 ओवर में 5 विकेट खोकर भारत के सामने 164 रनों का लक्ष्य रखा।
ऑस्ट्रेलिया के लिए जॉर्जिया वोल ने 57 गेंदों पर 11 चौके और 1 छक्का ठोकते हुए 88 रन बनाए, वहीं बेथ मूनी ने 39 गेंदों पर 4 चौके जड़कर 46 रन जोड़े। इन दोनों खिलाड़ियों के बीच पहले विकेट के लिए 128 रनों की साझेदारी हुई जिसके दम पर ही ऑस्ट्रेलिया ने स्कोरबोर्ड पर 163 रन टांगे।
बात करें अगर भारतीय गेंदबाज़ों की तो अरुंधति रेड्डी ने अपने 4 ओवर में 30 रन देकर 2 विकेट झटके। वहीं रेणुका सिंह ठाकुर ने 4 ओवर में 27 रन देकर 1 विकेट निकाला। उनके अलावा टीम का कोई गेंदबाज़ सफलता हासिल नहीं कर सका।
यहां से अब भारत के सामने 164 रनों का टारगेट था जिसका पीछा करते हुए भारतीय टीम के लिए कोई भी खिलाड़ी अर्धशतकीय पारी नहीं खेल सका। टीम इंडिया के लिए कैप्टन हरमनप्रीत कौर ने सर्वाधिक रन बनाए और 30 गेंदों पर 36 रनों की पारी खेली। उनके अलावा स्मृति मंधाना ने 24 गेंदों पर 31 रन और शेफाली वर्मा ने 23 गेंदों पर 29 रनों की पारी खेली। हालांकि टीम का दूसरा कोई भी खिलाड़ी मैदान पर ज्यादा देर टिक नहीं सका जिस वज़ह से मेहमान टीम अपने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 144 रन ही बना सकी।
आपको ये जानकार हैरानी होगी कि इसी बीच भारतीय टीम ने 7 रन (126 रनों से 133 रनों के स्कोर तक) बनाने में अपने 6 विकेट खोए।
जान लें कि ऑस्ट्रेलियाई की ऑलराउंडर एशले गार्डनर ने भारतीय खिलाड़ियों को सबसे ज्यादा परेशान किया और अपने कोटे के 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट निकाले। उनके अलावा किम गार्थ, एन्नाबेल सदरलैंड और कैप्टन सोफी मोलिनेक्स ने 2-2 विकेट झटके। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने कैनबरा टी20 19 रनों से जीता और तीन मैचों की टी20 सीरीज को 1-1 की बराबरी पर खड़ा कर दिया