Bangladesh vs Zimbabwe 1st ODI: जिम्बाब्वे ने पहले वनडे मुकाबले में बांग्लादेश को 25 रन से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की टीम सिर्फ 141 रन पर सिमट गई थी, लेकिन जवाब में बांग्लादेश की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और टीम 116 रन पर ऑलआउट हो गई।
जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला सोमवार (6 जुलाई) को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया। इस मुकाबले में बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की पूरी टीम 36.4 ओवर में सिर्फ 141 रन बनाकर ही सिमट गई। टीम के लिए कुछ रन जोड़ते हुए पहले इनोसेंट कैया ने 39 गेंदों में 26 रन की पारी खेली। इसके बाद न्यूमैन न्यामुरी और कप्तान नगारवा ने नौवें विकेट के लिए 81 गेंदों में 63 रन जोड़कर कुछ संघर्ष जरूर किया। न्यूमैन न्यामुरी ने 51 गेंदों में 33 रन बनाए, वहीं नगारवा ने 41 गेंदों मं 27 रन की उपयोगी पारी खेली।
बांग्लादेश की ओर से नाहिद राणा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में सिर्फ 21 रन देकर 6 विकेट झटके। तस्कीन अहमद को 2 विकेट मिले, जबकि कप्तान मेहदी हसन मिराज ने 1 विकेट अपने नाम किया।
142 रन के आसान दिखने वाले लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। टीम का कोई भी शीर्ष क्रम का बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। नुरुल हसन ने 44 गेंदों में 31 रन और तौहीद हृदोय ने 58 गेंदों में 25 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप रहे।
बांग्लादेश की बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टीम के 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। पूरी टीम 33.1 ओवर में 116 रन पर ऑलआउट हो गई और उसे 25 रन से हार का सामना करना पड़ा।
जिम्बाब्वे की ओर से कप्तान रिचर्ड नगारवा और ब्रैड इवांस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए। वहीं न्यूमैन न्यामुरी और ब्लेसिंग मुज़ारबानी ने 2-2 विकेट चटकाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस जीत के साथ जिम्बाब्वे ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली, जबकि बांग्लादेश को अब सीरीज में बने रहने के लिए अगला मुकाबला हर हाल में जीतना होगा।