नई दिल्ली, 2 अप्रैल | टीवी चैट शो पर महिलाओं के खिलाफ दिए गए विवादास्पद बयान को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के लोकपाल डी.के.जैन ने हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या और बल्लेबाज लोकेश राहुल को नोटिस थमा दिया है। वहीं बोर्ड की कोशिश है कि वह 30 मई से इंग्लैंड में शुरू हो रहे विश्व कप से पहले इस मुद्दे को खत्म करे।

Advertisement

बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि बोडऱ् में सभी की एक ही राय है और सभी को लगता है कि इस मुद्दे को खत्म किया जाए। सभी का मानना है कि सजा अपराध के मुकाबले ज्यादा नहीं होनी चाहिए और दोनों पहले ही अपनी गलती का सजा भुगत चुके हैं। 

अधिकारी ने कहा, "बोर्ड में हर किसी का मानना है कि इस मुद्दे को जल्द से जल्द खत्म कर देना चाहिए। खिलाड़ियों ने गलतियां कीं और इसको लेकर कोई दोहरी राय नहीं हो सकती, लेकिन इसके लिए उन्हें आस्ट्रेलियाई दौरे के बीच में ही घर बुला लिया गया था और वह लोकपाल के सामने पेश होने के लिए भी तैयार हैं।"

अधिकारी ने कहा, "विश्व कप पास है और आम राय यह है कि इस मुद्दे को खत्म कर देना चाहिए।"

बीसीसीआई के एक और अधिकारी ने कहा कि लोकपाल इस मामले को प्राथमिकता दे रहे हैं और वह एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट दाखिल कर देंगे। 

उन्होंने कहा, "इस मामले को लेकर कोई समय सीमा नहीं है, लेकिन हर कोई जानता है कि मैच का नुकसान पहले ही हो चुका है और सजा अपराध की तुलना में ज्यादा नहीं दी जा सकती। लोकपाल संभवत: एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट दाखिल कर देंगे।"

पांड्या और राहुल ने इस विवाद के बाद माफी मांगी थी। इन दोनों ने बॉलीवुड निर्देशक करण जौहर के शो कॉफी विद करण पर महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक बातें कहीं जिसके बाद इन दोनों के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए थे और अस्थायी प्रतिबंध भी लगाया गया था। प्रतिबंध को हालांकि बाद में हटा लिया गया था। 

Advertisement

लेखक के बारे में

Vishal Bhagat
Vishal Bhagat - A cricket lover, Vishal is covering cricket for the last 5 years and has worked with the Dainik Bhaskar group in the past. He keeps a sharp eye on the record being made in the cricket world and takes no time to present it to the viewers in the form of articles. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार