रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) ने रविवार (10 मई) को मुंबई इंडियंस के खिलाफ रायपुर में खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में अपनी शानदार गेंदबाजी से इतिहास रच दिया। भुवी ने अपने कोटे के चार ओवर में 5.80 की इकॉनमी से 23 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, उन्होंने रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा को अपना शिकार बनाया।
तोड़ा लसिथ मलिंगा का रिकॉर्ड
भुवनेश्वर आईपीएल जीत में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज बन गए हैं। इस मुकाबले के बाद उनके आईपीएल जीत में 126 विकेट हो गए हैं। इस लिस्ट में भुवनेश्वर कुमार ने लसिथ मलिंगा को पीछे छोड़ा, जिन्होंने आईपीएल में जीत में 122 विकेट लिए थे।
बुमराह को भी छोड़ा पीछे
आईपीएल में सबसे ज्यादा पारियों में 6 या उससे कम की इकॉनमी से गेंदबाजी करने के मामले में भी भुवनेश्वर टॉप पर पहुंच गए हैं। 36वीं बार यह कारनामा कर के उन्होंने जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़ा है।
इस शानदार प्रदर्शन के अलावा भुवनेश्वर ने बल्लेबाजी में एक शानदार छक्का भी जड़ा जो आरसीबी को मिली रोमांचक जीत में अहम साबित हुआ।
इस मुकाबले में आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को 2 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद मुंबई ने 7 विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए। जिसमें तिलक वर्मा ने 57 रन औऱ नमन धीर ने 47 रन बनाए।
जवाब में आरसीबी ने आखिरी गेंद पर जीत हासिल की। जिसमें क्रुणा पांड्या ने शानदार 73 रन की पारी खेली। मुंबई के लिए गेंदबाजी में कोर्बिन बॉश ने 4 विकेट और दीपक चाहर ने 2 विकेट लिए।
इस शानदार प्रदर्शन के बाद भुवनेश्वर ने पर्पल कैप भी अपने नाम कर ली। उनके अब 11 मैच में 21 विकेट हो गए हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score