Billy Root Retires Professional Cricket: इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट इन दिनों इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना जलवा दिखा रहे हैं, वहीं उनके छोटे भाई बिली रूट ने प्रोफेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला कर लिया है। 34 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज बिली ने सोशल मीडिया के जरिए ऐलान किया कि मौजूदा सीजन के खत्म होने के साथ ही वह अपने करीब एक दशक लंबे क्रिकेट करियर पर विराम लगा देंगे।

Advertisement

बिली रूट ने अप्रैल 2015 में प्रोफेशनल क्रिकेट में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने अपने करियर में 83 फर्स्ट क्लास, 60 लिस्ट ए और 50 टी20 मुकाबले खेले। हालांकि, अपने बड़े भाई जो रूट की तरह बिली को इंग्लैंड की इंटरनेशनल टीम में खेलने का मौका नहीं मिला।

इंग्लैंड की टीम में जगह बनाने के वह एक बार काफी करीब जरूर पहुंचे थे। जुलाई 2017 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में बिली इंग्लैंड टीम के 12वें खिलाड़ी थे। हालांकि, उन्हें उस मुकाबले में मैदान पर उतरकर इंटरनेशनल डेब्यू करने का मौका नहीं मिला।

बिली ने अपने संन्यास का ऐलान ऐसे समय किया है, जब मौजूदा काउंटी चैंपियनशिप सीजन में उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले। उन्होंने इस सीजन केवल दो मुकाबले खेले और ग्लेमॉर्गन की सेकेंड इलेवन की कप्तानी भी की। 

बिली रूट ने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत नॉटिंघमशायर के साथ की थी। इसके बाद 2019 में वह ग्लेमॉर्गन से जुड़े। ग्लेमॉर्गन के लिए उनका योगदान काफी अहम रहा और टीम की दो वनडे कप खिताबी जीत में उन्होंने भूमिका निभाई। इसके अलावा पिछले साल टीम को काउंटी चैंपियनशिप के डिविजन-1 में पहुंचाने में भी उनका योगदान रहा।

Also Read: LIVE Cricket Score

अपने क्रिकेट करियर को याद करते हुए बिली ने इसे अपने लिए बेहद खास सफर बताया। उन्होंने कहा कि दो शानदार क्लबों का प्रतिनिधित्व करना और उनके साथ मिलकर चार ट्रॉफी जीतना उनके लिए सम्मान की बात रही। बिली ने कहा कि बचपन से जिस खेल से उन्हें प्यार था, उसी में करियर बनाने का मौका मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने अपने सफर को उतार-चढ़ाव से भरा बताया, लेकिन साथ ही कहा कि वह अपने करियर की किसी भी चीज को बदलना नहीं चाहेंगे।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार