रांची, 18 मार्च (CRICKETNMORE)| लोकेश राहुल (67) और मुरली विजय (82) के बाद चेतेश्वर पुजारा (नाबाद 109) के बेहतरीन शतक के दम पर भारत ने झारखंड राज्य क्रिकेट संघ स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रहे तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार को चायकाल तक चार विकेट खोकर 303 रन बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया के पहली पारी के विशाल स्कोर 451 रनों के मुकाबले भारत अभी भी 148 रन पीछे है। पुजारा के साथ करुण नायर 13 रन बनाकर क्रिज पर मौजूद हैं।

Advertisement

भारत ने तीसरे दिन के पहले सत्र में मुरली का विकेट गंवाया। दूसरे सत्र में मेजबानों ने अंजिक्य रहाणे (14) और विराट कोहली (6) के रूप में दो महत्वपूर्ण विकेट गंवाए जिससे एक समय मजबूत स्थिति में दिख रही भारत को थोड़ा झटका जरूर लगा।

Advertisement

भोजनकाल तक भारत ने दो विकेट के नुकसान पर 193 रन बनाए थे। दूसरे सत्र में मेजबानों ने 110 रन जोड़े।

भोजनकाल के बाद खेलने उतरी मेजबान टीम को अपने कप्तान कोहली से काफी उम्मीदें थीं। फील्डिंग के दौरान कंधे में चोट लगने के बाद विराट मैदान से दूर थे। बल्लेबाजी करने आए कप्तान ज्यादा कुछ नहीं कर पाए। वह स्टीव ओकीफ की गेंद पर ड्राइव करने गए लेकिन गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर दूसरे स्लिप में गई जहां ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीवन स्मिथ ने उनका शानदार कैच पकड़ा।

उप-कप्तान रहाणे लय पकड़ने की कोशिश कर रहे थे तभी पैट कमिंस की बाउंस को भांपने की गलती कर बैठे और विकेट के पीछे मैथ्यू वेड के हाथों लपके गए।

इसके बाद नायर ने क्रीज पर कदम रखा। दूसरे छोर पर खड़े पुजारा ने 94वें ओवर की चौथी गेंद पर कमिंस पर चौका मार अपना शतक पूरा किया। यह इस श्रृंखला में किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा लगाया गया पहला शतक है।

Advertisement

चायकाल तक पुजारा 232 गेंदों का सामना कर चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में अभी तक 15 बार गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाया है।

इससे पहले अपने पहले दिन के स्कोर एक विकेट पर 120 रनों से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम ने शनिवार को पहले सत्र में एक विकेट खोकर अपने खाते में 73 रन जोड़े।

Advertisement

पहले दिन राहुल के आउट होने के बाद भारत को अच्छी स्थिति में पहुंचाने वाली विजय और पुजारा की जोड़ी ने इस सत्र में भी अच्छी बल्लेबाजी की। अपने करियर का 50वां टेस्ट मैच खेल रहे विजय ने 50वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर अपना 15वां अर्धशतक पूरा किया। शतक की ओर बढ़ रहे विजय ने स्टीव ओकीफ की गेंद पर आगे बढ़कर मारने का प्रयास किया, लेकिन चूक गए और वेड ने उन्हें स्टम्पिंग करने में कोई गलती नहीं की।

183 गेंदों पर 10 चौके और एक छक्का लगाने वाले विजय ने पुजारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 102 रनों की शानदार शतकीय साझेदारी की। विजय 193 के कुल योग पर आउट हुए और इसके साथ ही भोजनकाल की घोषणा कर दी गई।

विजय और पुजारा की जोड़ी की 2016-17 सत्र में छठी शतकीय साझेदारी है। वह ऐसा करने वाली विश्व की दूसरी जोड़ी बन गए। इससे पहले, एक सत्र में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी करने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन और रिकी पोंटिंग के नाम है, जिन्होंने 2005-06 सत्र में सबसे अधिक सात शतकीय साझेदारियां की थीं।

इसके अलावा, राहुल और पुजारा की जोड़ी एक सत्र में भारत के लिए सबसे अधिक रनों की साझेदारी करने वाली दूसरी जोड़ी भी बन गई। उन्होंने 2016-17 सत्र में 954 रन बनाए हैं। इस सूची में पहला नाम राहुल द्रविड़ और गौतम गंभीर की जोड़ी का है।

राहुल और गौतम ने 2008-09 सत्र में भारत के लिए 14 पारियों में 961 रनों की साझेदारी की थी। 

Advertisement

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
An ardent cricket fan, Saurabh is covering cricket for last 12 years. He has started his professional journey with the Hindi publication, Navbharat Times (Times of India Group). Later on, he moved to TV (Sadhna News). In 2014, he joined Cricketnmore. Currently, he is serving as the editor of cricketnmore.com. His grasp on cricket statistics and ability to find an interesting angle in a news story make him a perfect fit for the online publishing business. He is also acting as a show producer for our ongoing video series - Cricket Tales, Cricket Flashback, & Cricket Trivia Read More
ताजा क्रिकेट समाचार