लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले में पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने शुरुआत से ही कहर बरपाते हुए पहले गेंद पर प्रियांश आर्य को गोल्डन डक पर आउट किया और फिर कूपर कोनोली को अपनी शानदार गेंद से चकमा देकर पवेलियन भेज दिया।
आईपीएल 2026 का 68वां मुकाबला शनिवार (23 मई) को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में लखनऊ के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने अपनी शानदार गेंदबाजी से शुरुआत में ही पंजाब को दो बड़े झटके दिए।
197 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स को पहले ही गेंद पर बड़ा झटका लग गया। मोहम्मद शमी ने पारी की पहली गेंद पर प्रियांश आर्य को अर्जुन तेंदुलकर के हाथों कैच आउट कराकर गोल्डन डक कर दिया और पंजाब के डगआउट में सन्नाटा फैला दिया। इसके बाद भी शमी यहीं नहीं रुके और अपने अगले स्पेल में एक और बड़ा विकेट झटक लिया।
पारी का तीसरा ओवर लेकर आए शमी ने दूसरी ही गेंद पर कूपर कोनोली को अपनी क्लासिक सीम मूवमेंट से चकमा दे दिया। ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ गेंद पर हल्का सा बाहर की तरफ मूवमेंट था। कोनोली लॉन्ग ऑफ की तरफ जोरदार शॉट खेलना चाहते थे, लेकिन वह इसमें सफल नहीं रहे और गेंद सीधे ऑफ स्टंप से जा टकराई। कूपर कोनोली ने आउट होने से पहले 10 गेंदों में 18 रन बनाए। उनके आउट होते ही पंजाब किंग्स ने पावरप्ले के अंदर ही दूसरा बड़ा विकेट गंवा दिया।
मैच की बात करें तो इससे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 198 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया। टीम के लिए जोश इंगलिस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 72 रन बनाए, जबकि आयुष बडोनी ने 18 गेंदों में 43 रन की तेज पारी खेली। वहीं आखिरी ओवरों में अब्दुल समद ने तूफानी अंदाज दिखाते हुए सिर्फ 20 गेंदों में नाबाद 37 रन ठोके।