भारत के पूर्व ऑलराउंडर मदन लाल का मानना ​​है कि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) में मैदान पर टीम का नेतृत्व करने वाले खिलाड़ी से मेंटर बनने का सफर महेंद्र सिंह धोनी के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि अब उन्हें मैदान पर सीधे तौर पर कमान संभालने के बजाय, बाहर से टीम का मार्गदर्शन करना होगा।

आईपीएल से संन्यास लेने के बाद धोनी अब आगामी सीजन में सीएसके टीम में मेंटर की भूमिका निभाएंगे। हालांकि, मदन लाल को लगता है कि अनुभवी क्रिकेटर के लिए यह एक सही कदम है, लेकिन उनका मानना ​​है कि नई जिम्मेदारियों के साथ तालमेल बिठाना कभी-कभी धोनी के धैर्य की परीक्षा ले सकता है, खासकर तब जब टीम संघर्ष कर रही हो।

मदन लाल ने 'आईएएनएस' से ​​कहा, "मुझे लगता है कि धोनी का मेंटर की भूमिका अपनाना एक सही कदम है। हालांकि, यह चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ निराशाजनक भी हो सकता है। पहले वह मैदान पर होते थे, टीम को संभालते थे और खुद फैसले लेते थे। अब उन्हें बाहर बैठकर खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करना होगा। अगर सब कुछ ठीक चलता रहा तो कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन अगर टीम को मुश्किलों का सामना करना पड़ा, तो यह उनके लिए निराशाजनक हो सकता है। यह मैदान पर सक्रिय रूप से शामिल होने से बिल्कुल अलग अनुभव है।"

धोनी के मेंटर के रूप में प्रभाव को कई पूर्व साथियों और मौजूदा खिलाड़ियों ने पहले ही स्वीकार किया है। भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने हाल ही में कहा कि मेंटर की भूमिका धोनी के लिए कोई नई बात नहीं है, क्योंकि अपनी कप्तानी के दिनों में भी उन्होंने कई खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया था।

पठान ने 'आईएएनएस' से ​​कहा, "एमएस धोनी के लिए मेंटरशिप कोई नई बात नहीं है। जब वह कप्तान थे, तब भी वह कई खिलाड़ियों को मेंटर करते थे। मुझे यकीन है कि उनका क्रिकेट खेलने का सफर भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन खेल में योगदान देने का उनका सफर जारी रहेगा।"

धोनी ने 278 मैचों में 5,439 रन बनाकर अपने आईपीएल करियर का समापन किया। उन्होंने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में सीएसके को पांच खिताब जिताए। इसके अलावा, टूर्नामेंट में उन्होंने विकेटकीपर के तौर पर 205 खिलाड़ियों को आउट करने का रिकॉर्ड भी बनाया। हालांकि, उनके खेलने का दौर अब खत्म हो गया है, लेकिन चेन्नई के साथ उनका जुड़ाव बना रहेगा। वह आईपीएल 2027 से एक नई भूमिका में इस फ्रेंचाइजी का मार्गदर्शन करने की तैयारी कर रहे हैं।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार