Abishek Porel Arrest Orders: दिल्ली कैपिटल्स और बंगाल के विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल कानूनी विवाद में बुरी तरह फंस गए हैं। कोलकाता हाई कोर्ट ने रेप केस में उनके खिलाफ तुरंत गिरफ्तारी के आदेश जारी किए हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल मुश्किलों में घिर गए हैं। कोलकाता हाई कोर्ट ने सोमवार (21 जुलाई) को रेप केस में उनके खिलाफ तुरंत गिरफ्तारी के आदेश जारी किए हैं। कोर्ट ने जांच एजेंसियों को यह भी निर्देश दिया है कि आरोपी के सभी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए जाएं, ताकि डिजिटल सबूत सुरक्षित रह सकें और शिकायतकर्ता की निजता की रक्षा की जा सके।
यह मामला उस शिकायत के बाद सामने आया है, जिसमें एक युवती ने अभिषेक पोरेल पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया था। शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया कि उसके साथ मारपीट की गई और उसे धमकाया गया। हालांकि, अभिषेक पोरेल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज कर दिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, युवती मेडिकल की छात्रा है और उसका दावा है कि पिछले तीन साल से दोनों के बीच रिश्ते थे। उसने आरोप लगाया कि पिछले साल से पोरेल ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी और बाद में शादी करने से साफ इनकार कर दिया। युवती का यह भी आरोप है कि जब उसने इस मामले को आगे बढ़ाने की कोशिश की तो पोरेल ने उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद उसने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
यह मामला पश्चिम बंगाल के मगरा पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गैर-जमानती धाराएं लगाई गई हैं, जिनमें रेप और आपराधिक धमकी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। हाई कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस को बिना देरी किए आरोपी को गिरफ्तार करने और उसके इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
कौन हैं अभिषेक पोरेल?
23 वर्षीय अभिषेक पोरेल बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले एक विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। उन्होंने अभी तक भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू नहीं किया है, लेकिन घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बना चुके हैं। आईपीएल में वह पिछले चार सीजन से दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे हैं। अब तक उन्होंने 35 आईपीएल मैचों में 769 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 25.63 और स्ट्राइक रेट 145.36 का रहा है।
Also Read: LIVE Cricket Score
घरेलू क्रिकेट में भी पोरेल का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने बंगाल के लिए 32 फर्स्ट क्लास मैचों में 1408 रन बनाए हैं। वहीं, 23 लिस्ट-ए मुकाबलों में उनके नाम 833 रन दर्ज हैं।