Dewald Brevis Smashed No-Look Six: द हंड्रेड मेंस 2026 का 12वां मुकाबला बुधवार (29 जुलाई) को द ओवल मैदान पर एमआई लंदन (MI London) और लंदन स्पिरिट (London Spirit) के बीच खेला गया। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। वहीं इस दौरान उनके बल्ले से एक हैरतअंगेज नो-लुक सिक्स भी देखने को मिला।

Advertisement

165 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लंदन स्पिरिट की शुरुआत शानदार रही। जॉनी बेयरस्टो और लुआन-ड्रे प्रिटोरियस ने पहले विकेट के लिए तेज शुरुआत दिलाई। प्रिटोरियस ने सिर्फ 28 गेंदों में 64 रन की धमाकेदार पारी खेली और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

इसके बाद क्रीज पर आए डेवाल्ड ब्रेविस ने भी अपने अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने सिर्फ बड़े शॉट ही नहीं लगाए, बल्कि एक ऐसा छक्का भी जड़ा जिसने मैदान पर मौजूद दर्शकों को अपनी सीटों से उठने पर मजबूर कर दिया।

यह शानदार शॉट लक्ष्य का पीछा करते हुए आखिरी चरण में देखने को मिला। एमआई लंदन के तेज गेंदबाज ओली स्टोन ने पैड्स पर फुल लेंथ गेंद डाली। ब्रेविस ने बेहतरीन टाइमिंग के साथ गेंद को डीप मिडविकेट के ऊपर से छक्के के लिए भेज दिया। सबसे खास बात यह रही कि शॉट खेलने के बाद उन्होंने गेंद की तरफ देखा तक नहीं। 

VIDEO:

ब्रेविस ने इस मुकाबले में 18 गेंदों पर नाबाद 37 रन की तेजतर्रार पारी खेली। उन्होंने जेम्स रियू (13 गेंद नाबाद 19 रन) के साथ मिलकर टीम को बिना किसी परेशानी के जीत की दहलीज तक पहुंचाया।

मैच की बात करें तो एमआई लंदन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 100 गेंदों में 164 रन बनाए थे। टीम के लिए लिए विल जैक्स ने अर्धशतक ठोकते हुए 44 गेंदों पर 65 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली और शेरफेन रदरफोर्ड ने 19 गेंदों पर 41 रन बनाए। 

जवाब में लंदन स्पिरिट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 89 गेंदों में ही 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और पूरे 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत में लुआन-ड्रे प्रिटोरियस की 28 गेंदों में 64 रन की तूफानी पारी और डेवाल्ड ब्रेविस की नाबाद 37 रन की फिनिशिंग नॉक सबसे बड़ी वजह रही। यह लंदन स्पिरिट की टूर्नामेंट में पहली जीत भी रही, जिसके साथ टीम अंक तालिका में सबसे निचले स्थान से बाहर निकलने में सफल रही।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार