पहले टेस्ट में भारतीय टीम की कप्तानी कर सकते हैं धोनी

Updated: Tue, Feb 10 2015 01:02 IST

एडिलेड/नई दिल्ली, 06 दिसम्बर (हि.स.) । ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नौ दिसंबर से शुरू हो रहे पहले क्रिकेट टेस्ट में महेंद्र सिंह धोनी भारतीय टीम की कप्तानी कर सकते हैं। हथेली की चोट के कारण धोनी पहला टेस्ट नहीं खेलने वाले थे और मूल कार्यक्रम के अनुसार 12 दिसंबर से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में ही उनके टीम से जुड़ने की संभावना थी। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर फिलीप ह्यूज की मौत के कारण कार्यक्रम में बदलाव किया गया है जिसके तहत पहला टेस्ट यहां नौ दिसंबर से शुरू होगा।

बल्लेबाज शिखर धवन ने कहा कि कप्तानी के लिये कार्यवाहक कप्तान विराट कोहली को इंतजार करना होगा क्योंकि धोनी पहले टेस्ट के लिये समय रहते पहुंच गए हैं।

धवन ने कहा ,‘‘ दोनों आक्रामक कप्तान हैं लेकिन एक फर्क है। विराट मैदान पर अधिक आक्रामक रहता है। दोनों की कप्तानी में खेलने में मजा आता है। विराट को टेस्ट टीम की कप्तानी के लिये इंतजार करना होगा क्योंकि धोनी यहां पहुंच गए हैं।’’ उन्होंने कहा कि श्रृंखला में मिशेल जॉनसन की तेज गेंदों को खेलने की चुनौती का उन्हें इंतजार है। उन्होंने कहा ,‘‘वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से है लेकिन हमने रफ्तार का सामना करने का काफी अभ्यास किया है। मैने अंतरराष्ट्रीय मैचों और आईपीएल में उसे खेला है लेकिन ऑस्ट्रेलिया में पहली बार उसे खेलूंगा। यह अच्छी चुनौती होगी।’’

धवन ने 2013 में घरेलू श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में पहला टेस्ट खेला था। उसने पहले ही मैच में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बनाते हुए 174 गेंद में 187 रन बनाये थे। उसके बाद से वह भारतीय टेस्ट टीम के स्थायी सदस्य हैं हालांकि विदेश में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/सुनील/गोविन्द

सबसे ज्यादा पढ़ी गई खबरें