इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 मैच में रोहित शर्मा ने टॉस जीता और पहले बैटिंग का फैसला किया। पहले ही ओवर से खुद कप्तान ने अपने इरादे साफ कर दिए और आक्रामक रवैय्या अपनाया। हालांकि, रोहित शर्मा 14 गेंदों में तेज़ 24 रन बनाकर आउट हो गए लेकिन इसके बाद बैटिंग करने आए दीपक हुडा ने भी रनों में तेज़ी को कम नहीं होने दिया।

Advertisement

दीपक हुडा ने अंग्रेज गेंदबाज़ों की जमकर कुटाई की और सिर्फ 17 गेंदों पर 33 रन बना दिए। हालांकि, वो खराब शॉट खेलकर क्रिस जॉर्डन की गेंद पर अपना विकेट फेंक गए लेकिन इससे पहले उन्होंने जमकर चौके-छक्कों की बरसात की। उनका पहला शिकार बने मोईन अली, जिनके दूसरे ओवर की पहली दो गेंदों पर ही हुडा ने दो छक्के जड़ दिए।

Advertisement

ये हुडा की पारी की दूसरी ही गेंद थी और उन्होंने आगे बढ़कर लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का जड़ दिया। ये छक्का पूरी दुनिया को ये दिखाने के लिए काफी था कि उनमें कितना आत्मविश्वास भरा हुआ है। हुडा यहीं नहीं रुके और अगली ही गेंद पर फिर आगे निकलकर उसी दिशा में पहले वाले से लंबा छक्का जड़ दिया। ये हुडा के हुड़दंग का ही असर था कि इसके बाद बटलर ने मोईन अली को ओवर ही नहीं दिया।

हुडा ने पिछले तीन मैचों में जिस तरह का खतरनाक फॉर्म दिखाया है उसे देखने के बाद ना सिर्फ फैंस बल्कि कई दिग्गज भी उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप में मौका देने की बात कर रहे हैं। हालांकि, ये देखना दिलचस्प होगा कि क्या हुडा को इस शानदार फॉर्म के चलते टी-20 वर्ल्ड कप का टिकट मिलता है या नहीं।

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार