लाहौर, 22 फरवरी 2025: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के चौथे मुकाबले में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। इंग्लैंड की टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 351 रन बनाए, जिसमें बेन डकेट के 165 रनों की शानदार पारी सबसे खास रही। डकेट ने 143 गेंदों में 17 चौके और 3 छक्के लगाकर इंग्लैंड को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

Advertisement

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड टीम की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन तीसरे ओवर में ही पहला झटका लग गया। फिल साल्ट सिर्फ 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उसके बाद जेमी स्मिथ भी 15 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, इन शुरुआती झटकों के बाद जो रूट और बेन डकेट ने पारी को संभाला और इंग्लैंड को एक मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

Advertisement

जो रूट और डकेट की शानदार साझेदारी
बेन डकेट और जो रूट के बीच तीसरे विकेट के लिए 101 गेंदों में 108 रनों की शतकीय साझेदारी हुई। इस दौरान डकेट ने अपने वनडे करियर का 7वां अर्धशतक पूरा किया, जबकि जो रूट ने भी 56 गेंदों में अर्धशतक जमाया। इंग्लैंड ने 30 ओवर में 201/3 का स्कोर बना लिया था, जिससे टीम का बड़ा स्कोर खड़ा करने का इरादा साफ दिखने लगा।

डकेट का शतक और इंग्लैंड की तूफानी बल्लेबाजी
बेन डकेट ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 95 गेंदों में शतक पूरा किया, जो उनके वनडे करियर का तीसरा शतक था। उन्होंने अपने आक्रामक अंदाज को जारी रखते हुए 165 रनों की लाजवाब पारी खेली। हालांकि, 41वें ओवर में जोस बटलर 23 रन बनाकर आउट हो गए और इसके बाद इंग्लैंड ने कुछ और विकेट गंवा दिए।

अंत में तेज रन बनाने की कोशिश में गिरे विकेट
इंग्लैंड ने अंतिम 10 ओवरों में तेजी से रन बटोरने की कोशिश की, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने अच्छी वापसी करते हुए विकेट झटके। 47वें ओवर में लियाम लिविंगस्टोन (14) कैच आउट हुए, जबकि आखिरी ओवर में ब्रायडन कार्स (8) भी चलते बने।

ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का मिला-जुला प्रदर्शन
ऑस्ट्रेलिया की ओर से बेन द्वारशुइस ने 3, मार्नस लाबुशेन ने 2 विकेट लिए और उन्होंने बेन डकेट को भी अपना शिकार बनाया एडम जैम्पा को भी 2 विकेट मिले वहीं ग्लेन मैक्सवेल को भी एक सफलता मिली, लेकिन वे इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर ज्यादा दबाव नहीं बना सके।

Advertisement

अब ऑस्ट्रेलिया के सामने 352 रनों की चुनौती
ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 352 रनों का विशाल लक्ष्य मिला है, जो आसान नहीं होने वाला। लाहौर की पाटा पिच पर बल्लेबाजी करना हालांकि मुश्किल नहीं है, लेकिन इंग्लैंड के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण को देखते हुए मुकाबला रोमांचक होने की पूरी संभावना है। अब देखना होगा कि ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज इस लक्ष्य का पीछा कर पाते हैं या नहीं।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार