भारतीय हेड कोच राहुल द्रविड़ के नेतृत्व में भारतीय टीम के प्रदर्शन में काफी गिरावट देखने को मिली है। कई बड़े-बड़े आईसीसी इवेंट्स में ट्रॉफी जीतना तो दूर भारतीय टीम फाइनल तक भी नहीं पहुंच पाई है और वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में पहले दो मैच हारने के बाद द्रविड़ की आलोचना और भी तेज़ हो गई है। इसी बीच पाकिस्तान से आवाज़ उठी है कि द्रविड़ को टी-20 की कोचिंग नहीं दी जानी चाहिए क्योंकि वो टी-20 में कोच बनने लायक ही नहीं हैं।

Advertisement

पाकिस्तान के पूर्व लेग स्पिनर दानिश कनेरिया ने राहुल द्रविड़ की कोचिंग पर सवाल उठाते हुए कहा है कि वो टी-20 के कोच बनने लायक नहीं हैं इसलिए उन्हें हटाकर गुजरात टाइटंस के हेड कोच आशीष नेहरा को उनका पद दिया जाना चाहिए। आशीष नेहरा के नेतृत्व में आईपीएल फ्रेंचाईजी गुजरात टाइटंस ने अपने पहले ही सीजन में ट्रॉफी जीत ली थी और उसके बाद अगले सीजन में फाइनल तक का सफर भी तय किया। हालांकि, कनेरिया के इस बयान के चलते सोशल मीडिया पर भारतीय फैंस उन्हें काफी ट्रोल भी कर रहे हैं और कह रहे हैं कि उन्हें अपने देश की टीम को देखना चाहिए।

Advertisement

अपने यूट्यूब चैनल पर बोलते हुए दानिश कनेरिया ने कहा, "ये भारतीय टीम पर्याप्त इरादे क्यों नहीं दिखा रही है? आशीष नेहरा की मौजूदगी के कारण हार्दिक पंड्या ने गुजरात टाइटंस के साथ बहुत सफलता हासिल की है। भारत को टी-20 में और अधिक इरादे दिखाने चाहिए और एक कोच इसमें एक बड़ी भूमिका निभाता है। राहुल द्रविड़, नहीं इसमें कोई संदेह नहीं है, वो एक विश्व स्तरीय खिलाड़ी थे, लेकिन द्रविड़ टी-20 में कोच बनने के लायक नहीं हैं। वो बहुत धीमे हैं। दूसरी ओर, आप देखते हैं कि आशीष नेहरा लगातार कुछ ना कुछ करते रहते हैं और मैदान में संदेश देते रहते हैं। मुझे लगता है कि उन्हें अवसर मिलना चाहिए।”

कनेरिया का ये बयान वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रही पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारत की लगातार दूसरी हार के बाद आया है। इसके अलावा कनेरिया ने संजू सैमसन के रन ना बनाने पर भी सवाल उठाए। आगे बोलते हुए कनेरिया ने कहा, "भारत ने रोहित शर्मा और विराट कोहली को आराम दिया ताकि वो दूसरों को मौका दे सकें, क्योंकि कई लोगों ने शिकायत की है कि कुछ खिलाड़ियों को पर्याप्त मौके नहीं मिले। अब जब भारत ने उन्हें मौका दिया है, तो आप रन कब बनाएंगे, संजू सैमसन? उनके पास अब पर्याप्त मौके हैं। मैं उन लोगों में से था जो उनका समर्थन करते थे और चाहते थे कि उन्हें लगातार मौके मिलते रहें। हालांकि, उन्होंने इन मौकों का फायदा नहीं उठाया है।"

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार