भारत की टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीत के साथ ही टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने भी इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया। गंभीर अब ऐसे पहले शख्स बन गए हैं जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप खिलाड़ी और कोच दोनों रूप में जीता है। यही नहीं, उन्होंने भारतीय टीम के कोच के रूप में भी एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

Advertisement

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया की शानदार जीत के साथ ही हेड कोच गौतम गंभीर ने भी एक बड़ा इतिहास रच दिया।

Advertisement

गौतम गंभीर अब टी20 वर्ल्ड कप को खिलाड़ी और कोच दोनों रूप में जीतने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति बन गए हैं। उन्होंने 2007 में टी20 वर्ल्ड कप के पहले संस्करण में बतौर खिलाड़ी भारत को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी और अब 2026 में हेड कोच के रूप में टीम को चैंपियन बनाया।

इतना ही नहीं, गंभीर भारतीय सीनियर पुरुष टीम के पहले ऐसे कोच भी बन गए हैं जिन्होंने दो आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं। उनकी कोचिंग में भारत ने 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी और अब 2026 का टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया। दिलचस्प बात यह है कि दोनों ही बार भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता। 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने दुबई में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया था, जबकि 2026 के टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में अहमदाबाद में 96 रन से करारी जीत दर्ज की।

गंभीर के करियर की बात करें तो वह 2011 वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी अहम हिस्सा थे। इस तरह वह खिलाड़ी के रूप में वनडे और टी20 वर्ल्ड कप जीत चुके हैं और अब कोच के रूप में भी टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम कर चुके हैं।

अगर मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। ईशान किशन ने भी 25 गेंदों में 54 रन की तेज पारी खेलकर स्कोर को और मजबूत किया।

Also Read: LIVE Cricket Score
Advertisement

लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई। टिम सेफर्ट (52) और कप्तान मिचेल सेंटनर (43) ने कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई। इस तरह भारत ने 96 रन से शानदार जीत दर्ज करते हुए तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार