Glenn Phillips Record: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) का फाइनल रविवार, 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड (IND vs NZ Final) के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। गौरतलब है कि इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के हरफनमौला खिलाड़ी ग्लेन फिलिप्स (Glenn Phillips) अपनी फील्डिंग से धमाल मचाकर एक बेहद ही खास रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।
जी हां, ऐसा ही हो सकता है। सबसे पहले ये जान लीजिए कि 29 वर्षीय ग्लेन फिलिप्स अब तक न्यूजीलैंड के लिए कुल 24 टी20 वर्ल्ड कप मैच खेल चुके हैं जिसकी 17 पारियों में उन्होंने बैटिंग की और 540 रन बनाए। गौर करें कि इसके अलावा उन्होंने 7 पारियों में गेंदबाज़ी की और 3 विकेट लिए, वहीं 23 पारियों में फील्डिंग करके 18 कैच लपके।
यहां से अब ग्लेन फिलिप्स भारत के सामने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में फील्डिंग करते हुए दो कैच पकड़ते हैं तो वो इतिहास रच देंगे और इसी के साथ मार्टिन गप्टिल को पीछे छोड़कर इस टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा कैच पकड़ने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। फिलहाल ये रिकॉर्ड मार्टिन गप्टिल के नाम दर्ज है, जिन्होंने 28 पारियों में 19 कैच लपके हैं।
न्यूजीलैंड के लिए टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक कैच पकड़ने वाले खिलाड़ी
- मार्टिन गप्टिल - 28 मैचों की 28 पारियों में 19 कैच
- ग्लेन फिलिप्स - 24 मैचों की 23 पारियों में 18 कैच
- डेरिल मिचेल - 23 मैचों की 22 पारियों में 17 कैच
- केन विलियमसन - 29 मैचों की 29 पारियों में 16 कैच
- रॉस टेलर - 29 मैचों की 28 पारियों में 14 कैच
खास बात ये है कि ग्लेन फिलिप्स आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में छठे सर्वाधिक कैच पकड़ने वाले फील्डर हैं। इस लिस्ट में मार्टिन गप्टिल के अलावा उनसे ऊपर ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर (25 कैच), साउथ अफ्रीका के एबी डी विलियर्स (23 कैच), ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल (23 कैच) और भारत के रोहित शर्मा (21 कैच) मौजूद हैं।
बताते चलें कि मौजूदा टूर्नामेंट में ग्लेन फिलिप्स अब तक न्यूजीलैंड के लिए 8 मैचों की 5 पारियों में 44 की औसत और 160 की स्ट्राइक रेट से 176 रन बना चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने बॉलिंग करके 3 विकेट झटके हैं और फील्डिंग करके 11 कैच भी लपके हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
न्यूजीलैंड टीम का पूरा स्क्वाड: मिचेल सेंटनर (कप्तान), टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, कोल मैककॉन्ची, जेम्स नीशम, काइल जेमीसन, मैट हेनरी, जैकब डफी, ईश सोढ़ी, डेवोन कॉनवे, लॉकी फर्ग्यूसन।