टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 मुकाबले में न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स ने ऐसा शानदार कैच लपका जिसने सबको हैरान कर दिया। इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल को जबरदस्त फुर्ती दिखाते हुए पवेलियन भेज दिया गया और न्यूजीलैंड को बड़ी सफलता मिल गई।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 चरण का नौवां मुकाबला शुक्रवार (27 फरवरी) को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 159 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।
इंग्लैंड पहले ही अपने शुरुआती दो मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है, जबकि न्यूजीलैंड के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है। यदि कीवी टीम यह मैच जीतती है तो वह सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश कर जाएगी, अन्यथा उसे पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेले जाने वाले मैच के परिणाम पर निर्भर रहना पड़ सकता है।
159 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड को शुरुआती झटके लगे। कप्तान हैरी ब्रूक (26) का विकेट गिरने के बाद टीम संभलने की कोशिश कर रही थी, तभी ग्लेन फिलिप्स ने मैदान पर कमाल कर दिया। पारी के नौवें ओवर में रचिन रविंद्र की शॉट गेंद पर जैकब बेथेल ने बैकफुट पर जाकर जोरदार पुल शॉट खेला। गेंद तेजी से मिड विकेट क्षेत्र की ओर गई, लेकिन वहां तैनात ग्लेन फिलिप्स ने शानदार फुर्ती दिखाई।
फिलिप्स ने तेजी से आगे की तरफ रोल करते हुए जमीन से कुछ इंच ऊपर शानदार कैच लपक लिया। इस बवाल कैच के साथ ही 21 रन बनाकर खेल रहे जैकब बेथेल को पवेलियन लौटना पड़ा। बेथेल के आउट होने के बाद इंग्लैंड की पारी पर दबाव और बढ़ गया।
इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड को सलामी बल्लेबाज टिम सेफर्ट और फिन एलन ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 42 गेंदों में 64 रन जोड़े। टिम सेफर्ट ने 25 गेंदों में 35 रन बनाए, जबकि फिन एलन ने 19 गेंदों में 29 रन की तेज पारी खेली। मध्यक्रम में ग्लेन फिलिप्स ने भी बल्ले से योगदान देते हुए 28 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसकी बदौलत टीम 159 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी।