टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में यूएसए के खिलाफ जीत के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक और खुशखबरी सामने आई है। भारतीय तेज़ गेंदबाज़ हर्षित राणा, जो चोट के चलते टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए थे, उनकी सर्जरी सफल रही है। राणा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से अपनी सर्जरी के सफल होने का अपडेट साझा किया है जिसके बाद उनके चाहने वालों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
गौरतलब है कि राणा भारत की टी-20 वर्ल्ड कप 2026 टीम का हिस्सा थे, लेकिन वार्म-अप मैच में घुटने में चोट लगने के बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था। राणा की जगह सिराज को टीम में शामिल किया गया और उन्होंने मुंबई में भारत बनाम यूएसए मैच में खेलते हुए तीन विकेट भी चटकाए थे। राणा ने सोमवार (9 फरवरी) को अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में अपनी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "सर्जरी सही हो गई, अब रिकवरी और अपने पसंदीदा काम पर वापस लौटने पर ध्यान है।"
बता दें कि दाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप मैच में सिर्फ एक ओवर फेंका, जिसमें उन्होंने 16 रन दिए और घुटने की समस्या के कारण मैदान से बाहर चले गए। अब राणा आईपीएल 2026 के जरिए मैदान पर वापसी करना चाहेंगे। आईपीएल में हर्षित राणा केकेआर की टीम के लिए एक अहम खिलाड़ी हैं और फ्रेंचाइजी ने उन्हें नए सीज़न से पहले रिटेन किया था।
Also Read: LIVE Cricket Score
वहीं, अगर वर्ल्ड कप की बात करें तो भारत और पाकिस्तान का मुकाबला एक बार फिर से चर्चा का विषय बन चुका है। पाकिस्तान ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच का बॉयकॉट करने का फैसला किया था लेकिन अब उन्होंने इस मैच का बॉयकॉट करने के अपने फैसले से यू-टर्न ले लिया है। आईसीसी ने चेतावनी दी थी कि अगर PCB पाकिस्तान सरकार के फैसले से सहमत होता है और 15 फरवरी को कोलंबो में मैदान पर नहीं उतरता है, तो उस पर बैन लगाया जा सकता है। ऐसे में अब पाकिस्तान ने कुछ शर्तों के साथ ये मुकाबला खेलने के लिए हामी भर दी है लेकिन अभी तक पाकिस्तान की इन शर्तों पर आईसीसी का जवाब आना बाकी है।