WPL 2026, Mumbai Indians Women vs Delhi Capitals Women Highlights: महिला प्रीमियर लीग 2026 के तीसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 50 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान हरमनप्रीत कौर (74*) और नेट साइवर ब्रंट (70) की दमदार पारियों की बदौलत मुंबई ने 195 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और पूरी टीम 145 रन पर सिमट गई।

Advertisement

महिला प्रीमियर लीग 2026 का तीसरा मुकाबला शनिवार (10 जनवरी) को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया। दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह दांव मुंबई इंडियंस के खिलाफ भारी पड़ गया।

Advertisement

पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस को अमेलिया केर के रूप में शुरुआती झटका जरूर लगा, जो बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं। इसके बाद जी कमलिनी और नेट साइवर ब्रंट ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी की। कमलिनी 16 रन बनाकर आउट हुईं, लेकिन साइवर ब्रंट एक छोर संभाले रहीं।

नेट साइवर ब्रंट और कप्तान हरमनप्रीत कौर के बीच तीसरे विकेट के लिए 66 रनों की अहम साझेदारी हुई। साइवर ब्रंट ने 46 गेंदों में 13 चौकों की मदद से 70 रनों की शानदार पारी खेली। इसके बाद हरमनप्रीत कौर ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में नाबाद 74 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इन पारियों की बदौलत मुंबई इंडियंस ने 195 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए इस पारी में नंदनी शर्मा ने 2 विकेट झटके। वहीं श्री चरणी और चिनेल हेनरी को 1-1 विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स शुरुआत से ही लड़खड़ा गई। शेफाली वर्मा 10 और लिजेल ली 8 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद लोरा वोलवार्ड 9 रन और कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स सिर्फ 1 रन ही बना सकीं। लगातार विकेट गिरने से दिल्ली की टीम दबाव में आ गई।

Advertisement

हालांकि चिनेल हेनरी ने संघर्ष जरूर दिखाया और 33 गेंदों में 56 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई खास सहयोग नहीं मिला। पूरी टीम 19 ओवर में 145 रन पर सिमट गई।

मुंबई इंडियंस के लिए इस पारी में निकोला केरी और अमेलिया केर ने 3-3 विकेट झटके। नेट साइवर ब्रंट ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि संस्कृति गुप्ता और शबनीम इस्माइल को 1-1 सफलता मिली।

Also Read: LIVE Cricket Score

कुल मिलाकर नतीजा यह रहा कि मुंबई इंडियंस ने पहले मुकाबले में मिली हार के बाद शानदार वापसी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 50 रन से हराया, जबकि दिल्ली को इस सीजन के अपने पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा।

Advertisement

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार