Tom Latham Record: न्यूजीलैंड के टेस्ट कैप्टन टॉम लैथम (Tom Latham) ने शुक्रवार, 27 नवंबर को क्राइस्टचर्च टेस्ट (NZ vs IND 2nd Test) के पहले दिन शानदार बल्लेबाज़ी करके अर्धशतक लगाया। खास बात तो ये है कि इस पारी के दम पर लैथम ने इतिहास रचा है। उन्होंने न्यूजीलैंड के लीज़ेंड क्रिकेटर केन विलियमसन (Kane Williamson) का एक महारिकॉर्ड तोड़ा है।
टॉम लैथम बने नंबर-1: सबसे पहले ये जान लीजिए कि 34 वर्षीय लैथम ने क्राइस्टचर्च टेस्ट में न्यूजीलैंड की पहली पारी के दौरान 128 गेंद खेली और 6 चौके लगाकर 59 रन बनाए। इसी के साथ अब लैथम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में न्यूजीलैंड के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं। उन्होंने 47 टेस्ट की 86 पारियों में 3038 रन बनाकर ये कारनामा किया।
टॉम लैथम ने केन विलियमसन का रिकॉर्ड तोड़ा है। केन ने WTC में 32 मुकाबले खेले और 58 पारी में 3025 रन बनाए। अब लैथम WTC में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। केन विलियमसन एक पायदान नीचे यानी दूसरी पॉजिशन पर खिसक गए हैं।
न्यूजीलैंड के लिए WTC में सबसे ज्यादा रन
- टॉम लैथम - 47 मैचों की 86 पारियों में 3038 रन
- केन विलियमसन - 32 मैचों की 58 पारियों में 3025 रन
- डेरिल मिचेल - 34 मैचों की 57 पारियों में 2208 रन
- डेवोन कॉनवे - 31 मैचों की 58 पारियों में 2166 रन
- टॉम ब्लेंडल - 42 मैचों की 72 पारियों में 1930 रन
गौरतलब है कि टॉम लैथम न्यूजीलैंड के लिए टेस्ट में चौथे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ भी हैं। वो 97 टेस्ट की 174 पारी में 6509 रन बना चुके हैं। उन्होंने टेस्ट में 17 शतक और 32 अर्धशतक लगाने का कारनामा किया है।
मैच का हाल: क्राइस्टचर्च टेस्ट में भारत ने टॉस जीता और न्यूजीलैंड को पहले बैटिंग करने का न्योता दिया। इसके जवाब में मेजबान टीम ने दिन के खेल के अंत तक 85 ओवर में 5 विकेट खोकर 246 रन बनाए। मैदान पर टॉम ब्लेंडल (110 गेंदों पर 49 रन) और ग्लेन फिलिप्स (59 गेंदों पर 36 रन) की जोड़ी मौजूद है।
ऐसी है दोनों टीमें
भारत (प्लेइंग XI): केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़ और जसप्रीत बुमराह।
Also Read: LIVE Cricket Score
न्यूजीलैंड (प्लेइंग XI): टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, मैट हेनरी और जैकब डफी।