Harmanpreet Kaur Record: टीम इंडिया (India Women's Team) ने बीते शनिवार, 05 सितंबर को दुबई के मैदान पर विमेंस एशिया कप 2026 (Women's Asia Cup 2026) के 9वें मुकाबले में पाकिस्तान (Pakistan Women's Team) को पस्त करके 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। गौरतलब है कि इस मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) ने महान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) की तरह छक्का लगाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई और एक बेहद ही खास रिकॉर्ड लिस्ट में अपना नाम दर्ज कर लिया।
हरमनप्रीत कौर का ये शानदार सिक्स भारतीय टीम की पारी के 9वें ओवर में देखने को मिला। पाकिस्तान के लिए बाएं हाथ की स्पिनर नाशरा संधू गेंदबाज़ी कर रही थीं, जिनकी चौथी गेंद पर कप्तान कौर ने भारतीय फैंस को महेंद्र सिंह धोनी की याद दिलाई और सामने की तरफ छक्का लगाकर मुकाबला खत्म किया।
खास बात ये है कि इसी छक्के के साथ उन्होंने विमेंस एशिया कप में अपने 600 रन पूरे किए और वो इस टूर्नामेंट में 600 या उससे ज्यादा रन बनाने वाली सिर्फ तीसरी खिलाड़ी बन गईं। उन्होंने दुबई के मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 18 रन ठोके। हरमनप्रीत कौर से पहले सिर्फ भारत की स्मृति मंधाना और श्रीलंका की चमारी अट्टापट्टू ने विमेंस एशिया कप में 600 या उससे ज्यादा रन बनाए।
विमेंस एशिया कप में सर्वाधिक रन
- स्मृति मंधाना - 27 मैचों की 22 पारियों में 631 रन
- चमारी अट्टापट्टू - 23 मैचों की 23 पारियों में 622 रन
- हरमनप्रीत कौर - 28 मैचों की 25 पारियों में 604 रन
- शेफाली वर्मा - 14 मैचों की 14 पारियों में 470 रन
- मिताली राज - 12 मैचों की 11 पारियों में 446 रन
मैच का हाल: दुबई के मैदान पर पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी थी जिसके बाद वो 18.1 ओवर में ही मैदान पर टिक पाए और महज़ 55 रन बनाकर ऑल आउट हो गए। पाकिस्तान के 9 खिलाड़ी सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हुए। श्री चरणी-प्रेमा रावत ने 3-3 विकेट झटके। वहीं दीप्ति शर्मा ने दो विकेट और शेफाली वर्मा ने 1 विकेट चटकाया।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके बाद भारतीय टीम ने महज़ 8.4 ओवर में 56 रनों का लक्ष्य हासिल किया और बेहद ही आसानी से 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने ग्रुप-ए में अपने सभी मुकाबले जीते हैं और पॉइंट्स टेबल पर टॉप पर फिनिश किया है।