The Hundred Women's 2026: द हंड्रेड विमेंस 2026 के बेहद रोमांचक मुकाबले में वेल्श फायर (Welsh Fire) ने सदर्न ब्रेव (Southern Brave) को 4 विकेट से हरा दिया। 122 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेल्श फायर की शुरुआत लड़खड़ा गई थी, लेकिन हीथर ग्राहम (Heather Graham) ने शानदार जिम्मेदारी निभाते हुए टीम को आखिरी गेंद पर जीत दिला दी।
द हंड्रेड विमेंस 2026 का 19वां मुकाबला सोमवार (3 अगस्त) को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स मैदान पर वेल्श फायर और सदर्न ब्रेव के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सदर्न ब्रेव ने निर्धारित 100 गेंदों में 5 विकेट के नुकसान पर 121 रन बनाए। टीम की ओर से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरी लॉरा वोल्वार्ट ने सबसे बड़ी 45 गेंदों में 48 रन की पारी खेली। वहीं जेमिमा रोड्रिग्स ने भी कुछ देर खड़े रहकर 21 गेंदों में 25 रन जोड़े। हालांकि इनके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज खास योगदान नहीं दे पाईं।
वेल्श फायर की ओर से गेंदबाजी में हीथर ग्राहम और ग्रेस पॉट्स ने 2-2 विकेट झटके।
122 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेल्श फायर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। एला मैककॉहन 11 और जॉर्जिया वोल 8 रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गईं। इसके बाद फ्रेया केम्प भी 9 रन बनाकर आउट हो गईं, जबकि कप्तान जॉर्जिया वेयरहैम 16 रन ही बना सकीं।
ऐसे समय में हीथर ग्राहम ने जिम्मेदारी भरी पारी खेली। उन्होंने 28 गेंदों में नाबाद 35 रन बनाए और आखिरी तक क्रीज पर डटी रहीं। वहीं आखिरी समय में नियाम हॉलैंड ने भी 8 गेंदों में नाबाद 12 रन की उपयोगी पारी खेली। आखिरी 5 गेंदों में वेल्श फायर को जीत के लिए 8 रन चाहिए थे। हॉलैंड ने इस दौरान एक अहम चौका लगाकर दबाव कम किया और फिर आखिर में अंतिम गेंद पर हीथर ग्राहम ने विजयी सिंगल लेकर टीम को 4 विकेट से जीत दिला दी।
Also Read: LIVE Cricket Score
सदर्न ब्रेव की ओर से गेंदबाजी में टिली कोर्टीन-कोलमैन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। इसके अलावा इसी वोंग ने 2 विकेट चटकाए, जबकि लॉरेन बेल को 1 सफलता मिली। लेकिन मैच का नतीजा अपनी टीम के पक्ष में नहीं ले पाईं।