नॉटिंघम, 13 जून - आईसीसी विश्व कप-2019 में आज ट्रेंट ब्रिज मैदान पर भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। दोनों टीमें अभी तक एक भी मैच नहीं हारी हैं। इस मैच में हालांकि बारिश पर भी नजर रहेगी। बारिश के कारण अभी तक इस विश्व कप में तीन मैच रद्द हो चुके हैं।

न्यूजीलैंड ने तीन मैच खेले हैं और तीनों में जीत हासिल की है। भारत ने दो मैचों खेले हैं और दोनों में उसे जीत मिली है। 

अभ्यास मैच में भारत का सामना न्यूजीलैंड से हो चुका है और वहां उसे हार मिली थी। अभ्यास मैच में कीवी टीम के सामने भारत की बल्लेबाजी ढह गई थी। इस मैच में भारतीय टीम अपनी उस हार को ध्यान में रखकर सतर्क रहते हुए उतरेगी।

भारत का सतर्क रहना जरूरी भी है क्योंकि इस मैच में उसके प्रमुख बल्लेबाजों में से एक शिखर धवन नहीं होंगे। धवन अंगूठे में चोट के कारण बाहर हो गए हैं। धवन जैसी फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज का बाहर होना भारत के लिए परेशानी है। धवन की जगह न्यूजीलैंड के खिलाफ लोकेश राहुल, रोहित शर्मा के साथ बतौर सलामी जोड़ी मैदान पर कदम रखेंगे। राहुल पिछले दो मैचों में नंबर-4 पर खेले थे। अब कप्तान विराट कोहली नंबर-4 पर किसे उतारते हैं यह मैच के दिन ही पता चलेगा। कोहली के पास हरफनमौला खिलाड़ी विजय शंकर और अनुभवी दिनेश कार्तिक के रूप में दो विकल्प है। 

गेंदबाजी में कोई बदलाव हो इसकी संभावना न के बराबर है। भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह ने नई गेंद से बेहतरीन शुरुआत दी थी और रनगति को रोके रखा था। वहीं कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल ने भी मध्य क्रम में अपनी जिम्मेदारी को निभाकर आस्ट्रेलिया को जीत से महरूम रखा था।

 
Advertisement

अगर न्यूजीलैंड की बात की जाए तो टीम एक बार फिर उम्मीद करेगी कि ट्रेंट बोल्ट, मैट हेनरी, लॉकी फग्र्यूसन की गेंदें भारतीय बल्लेबाजों के विकेट जल्दी ले सकें। 

बल्लेबाजी में भी न्यूजीलैंड के लिए परेशानी कम नहीं है। रॉस टेलर जरूर फॉर्म में आ चुके हैं लेकिन निरंतरता की कमी उनकी परेशानी है और मार्टिन गुप्टिल तथा कप्तान केन विलियम्सन के तौर पर उसके पास विश्व स्तरीय बल्लेबाज हैं। 

टीमें :

न्यूजीलैंड : केन विलियम्सन (कप्तान), टॉम ब्लंडल, ट्रेंट बोल्ट, कोलिन डी ग्रांडहोम, लॉकी फग्र्यूसन, मार्टिन गुप्टिल, टॉम लाथम, कोलिन मनुरो, जिम्मी नीशाम, हेनरी निकोलस, मिशेल सैंटनर, ईश सोढी, टिम साउदी, रॉस टेलर।

भारत : विराट कोहली (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, केदार जाधव, दिनेश कार्तिक, भुवनेश्वर कुमार, हार्दिक पांड्या, लोकेश राहुल, मोहम्मद शमी, विजय शंकर, रोहित शर्मा, कुलदीप यादव।


Advertisement

आईएएनएस

लेखक के बारे में

Cricketnmore Editorial
Cricketnmore Editorial Team: Launched In 2014, Cricketnmore is an award winning sports website that provides latest cricket news in Hindi, English, Punjabi & Tamil. A seven year long dream comes true when Cricketnmore has found its tribe in a global sporting firm that recently invested and bought all stakes in the company. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार