इंग्लैंड ने यहां एमए चिदम्बरम स्टेडियम में भारत के साथ जारी पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन सोमवार को चायकाल तक अपनी दूसरी पारी में पांच विकेट पर 119 रन बनाकर 360 रनों की मजबूत बढ़त कर ली है। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 578 रनों का स्कोर बनाया था जबकि उसने भारत को उसकी पहली पारी में 337 रन पर आलआउट कर दिया था।

Advertisement

चायकाल के समय ओली पोप 23 गेंदों पर एक चौके की मदद से 18 जबकि जोस बटलर 16 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के के सहारे 14 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच छठे विकेट के लिए अब तक 14 रनों की साझेदारी हुई है।

Advertisement

भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन ने अब तक तीन और ईशांत शर्मा तथा जसप्रीत बुमराह ने एक-एक विकेट लिए हैं।

इससे पहले, इंग्लैंड ने लंच के बाद अपनी दूसरी पारी में एक विकेट पर एक रन से आगे खेलना शुरू किया। डॉमिनिक सिब्ले और डेनियल लॉरेंस ने अपनी-अपनी पारी को आगे बढ़ाया। दूसरी पारी में इंग्लैंड की शुरुआत सही नहीं रही और मेहमान टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई।

लंच के बाद सिब्ले 37 गेंदों पर दो चौकों के सहारे 16, डेनियल लॉरेंस 47 गेंदों पर एक चौके की मदद से 18, कप्तान जोए रूट 32 गेंदों पर सात चौकों की बदौलत 40 और बेन स्टोक्स 12 गेंदों पर एक चौके की मदद से सात रन बनाकर सस्ते में आउट हो गए।

 

इससे पहले, भारत ने अपने तीसरे दिन (रविवार) के स्कोर छह विकेट पर 257 रन से आगे खेलना शुरू किया। सुंदर ने 33 और अश्विन ने अपनी पारी को आठ रन से आगे बढ़ाया। दोंनो बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए 80 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारत को संकट से बाहर निकालने की कोशिश की।

Advertisement

अश्विन टीम के 305 के स्कोर पर सातवें बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। उन्होंने 91 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के के सहारे 31 रन बनाए। इसके बाद भारत ने 312 के स्कोर पर शाहबाज नदीम (0) के रूप में अपना आठवां, इशांत शर्मा (4) के रूप में अपना नौवां और जसप्रीत बुमराह (0) के रूप में अपना 10वां विकेट गंवाया।

हालांकि अपने करियर का मात्र दूसरा टेस्ट खेल रहे सुंदर ने भारतीय पारी को एक छोर से संभाले रखा और अपने करियर का लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया। सुंदर के अर्धशतक की बदौलत भारत 300 रनों के पार तक पहुंचने में सफल रहा। सुंदर ने 138 गेंदों पर 12 चौकों और दो छक्कों की मदद से 85 की रनों की नाबाद पारी खेली।

उनके अलावा पुजारा ने 143 गेंदों पर 11 चौके और पंत ने 88 गेंदों पर नौ चौके और पांच छक्के लगाए। भारत तीसरे दिन एक समय 73 रन तक रोहित शर्मा (6), शुभमन गिल (29), कप्तान विराट कोहली (11), अजिंक्य रहाणे (1) के रूप में अपने चार विकेट गंवा चुका था। लेकिन पुजारा और पंत ने तीसरे दिन पांचवें विकेट के लिए 119 रनों की शतकीय साझेदारी कर भारत को संकट से बाहर निकालने में मदद की थी।

Advertisement

इंग्लैंड की ओर से डॉमिनिक बेस ने सर्वाधिक चार विकेट लिए हैं जबकि जोफ्रा आर्चर, जेम्स एंडरसन और जैक लीच को दो-दो सफलता मिली।

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार