India vs New Zealand 1st Test Day 4: भारतीय क्रिकेट टीम ने वेलिंगटन में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच के चौथे दिन के दूसरे सेशन में अपनी पारी 9 विकेट पर 720 रन बनाकर घोषित की। न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम को पहली पारी में 352 रन की बड़ी और अहम बढ़त मिली है। बता दें कि यह न्यूजीलैंड की धरती पर किसी भी टीम द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है।
भारत ने चौथे दिन की शुरुआत 4 विकेट पर 486 रन से की। ऋषभ पंत ने 55 रन और नाइट वॉचमैन के रूप में आए अंशुल कंबोज ने 0 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी की। कंबोज 6 चौकों और 1 छक्के की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद पंत और वाशिंगटन सुंदर के बीच छठे विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी हुई। पंत ने छठे विकेट के रूप में आउट होने से पहले अपना 9वां टेस्ट शतक लगाया। वह 153 गेंदों पर 6 छक्कों और 10 चौकों की मदद से 128 रन बनाकर आउट हुए।
पंत के आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल ने मोर्चा संभाला और 79 गेंदों पर 1 छक्के और 7 चौकों की मदद से 78 रन बनाकर भारतीय पारी को 720 के स्कोर तक पहुंचाया। जुरेल 9वें विकेट के रूप में 720 के स्कोर पर आउट हुए। उनके आउट होते ही भारतीय कप्तान गिल ने पारी घोषित कर दी। सुंदर ने 24 और आकाशदीप ने 13 रन बनाए। जसप्रीत बुमराह 7 रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले केएल राहुल ने 136, शुभमन गिल ने 98, यशस्वी जायसवाल ने 85 और देवदत्त पडिक्कल ने 80 रन की पारी खेली थी।
न्यूजीलैंड की तरफ से ग्लेन फिलिप्स ने 3 और रचिन रवींद्र ने 2 विकेट लिए। मैट हेनरी, काइल जैमिसन, जैकब डफी और नाथन स्मिथ ने 1-1 विकेट लिया।
न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 368 रन बनाए थे। जिसमें हेनरी निकल्स ने नाबाग 175 रन औऱ ग्लेन फिलिप्स ने 118 रन बनाए थे।
Also Read: LIVE Cricket Score