IND-A vs SL-A: एशिया कप राइजिंग स्टार्स (Asia Cup Rising Stars 2026) के पहले सेमीफाइनल में इंडिया ए को श्रीलंका ए के हाथों 8 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। गुरुवार, 26 नवंबर को दोहा में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 317 रन बनाए थे। इसके जवाब में श्रीलंका ने लसिथ क्रॉसपुले (Lasith Croospulle) और सिनेथ जयवर्धने (Sineth Jayawardene) की शानदार शतकीय पारियों के दम पर महज 41.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
मुकाबले में टॉस जीतकर इंडिया ए के कप्तान तिलक वर्मा ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी रही और वैभव सूर्यवंशी ने 27 गेंदों में 40 रन बनाकर तेज शुरुआत दिलाई। हालांकि, वह अपनी पारी को बड़ी पारी में नहीं बदल सके।
अभिषेक शर्मा इस बार थोड़े शांत दिखे और उन्होंने 63 गेंदों में 78 रन बनाए। मध्यक्रम में कप्तान तिलक वर्मा ने भी 66 गेंदों में 53 रन बनाए। वहीं, छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए शाहबाज अहमद ने आखिरी ओवरों में उपयोगी योगदान दिया और 48 गेंदों में नाबाद 54 रन बनाए। इन पारियों की बदौलत इंडिया ए ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 317 रन का स्कोर खड़ा किया।
श्रीलंका की ओर से रविंदु फर्नांडो, निपुण धनंजय और जेनिथ लियानगे ने दो-दो विकेट हासिल किए। वहीं, लाहिरू समराकून और गरुका संकेथ को एक-एक सफलता मिली।
318 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ए को लसिथ क्रॉसपुले और सिनेथ जयवर्धने ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 174 रन की बड़ी साझेदारी कर मुकाबले को पूरी तरह श्रीलंका के पक्ष में कर दिया।
क्रॉसपुले ने 107 गेंदों में 116 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि जयवर्धने ने उनसे भी तेज बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 70 गेंदों में 105 रन ठोक दिए।
इसके बाद निशान मदुष्का और पवन रत्नायके ने मोर्चा संभाल लिया। मदुष्का ने 56 गेंदों में नाबाद 58 रन बनाए, जबकि रत्नायके ने सिर्फ 16 गेंदों में नाबाद 31 रन की तेज पारी खेली। इस तरह श्रीलंका ने 41.3 ओवर में दो विकेट खोकर 318 रन बना लिए और आठ विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत की ओर से शाहबाज अहमद और हर्षित राणा को ही एक-एक विकेट मिल पाया। इस हार के साथ ही इंडिया ए का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया, जबकि श्रीलंका ए ने फाइनल में जगह बना ली है। अब खिताबी मुकाबले में उसका सामना दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान ए और बांग्लादेश ए के बीच होने वाले मैच की विजेता टीम से होगा।