IND vs JAP, One-off T20I: भारत और जापान के बीच एकलौता टी20 मुकाबला मंगलवार, 22 सितंबर को कांटो के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया था जहां श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) की कैप्टेंसी वाली भारतीय टीम ने जापान को 2 रनों से हराकर मात दी। गौरतलब है कि ये मुकाबला मैदान गिला होने के कारण देरी से शुरू हुआ और सिर्फ 5-5 ओवर का खेला गया। ये भारत-जापान के बीच खेला गया पहला इंटरनेशनल मुकाबला है।
कांटो के मैदान पर भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी जिसके बाद मैदान पर जापान के गेंदबाज़ों का कहर देखने को मिला। उन्होंने भारतीय बल्लेबाज़ों को एक-एक रन के लिए तरसा दिया और 5 ओवर में सिर्फ 32 रन ही बनाने दिए।
टीम इंडिया के लिए श्रेयस अय्यर एकलौते ऐसे खिलाड़ी रहे जिन्होंने 10 प्लस स्कोर किया। उन्होंने 12 गेंदों पर 16 रन जोड़े। उनके अलावा संजू सैमसन 7 गेंदों पर 9 रन, ईशान किशन 6 गेंदों पर 3 रन और तिलक वर्मा 3 गेदों पर नाबाद 1 रन ही बना सके। अभिषेक तो पहली गेंद पर बिना कोई रन बनाए आउट हुए। वहीं शिवम दुबे ने भी एक गेंद खेली जिस पर वो कोई रन नहीं बना पाए।
जापान के लिए चार्ली हारा-हिंज ने 2 ओवर गेंदबाज़ी की और 17 रन देकर 2 विकेट झटके। उनके अलावा इब्राहिद ताकाहाशी ने 2 ओवर में 13 रन देकर 1 विकेट और बेंजामिन इटो-डेविस ने 1 ओवर में 2 रन देकर 1 विकेट लिया।
यहां से जापान के सामने जीत हासिल करने के लिए 33 रनों का लक्ष्य था जिसका पीछा करते हुए भारतीय गेंदबाज़ों ने उनके पसीने छुड़ा दिए। अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर टीम इंडिया के हीरो बनकर सामने आए। अक्षर ने किफायती गेंदबाज़ी की और अपने 2 ओवर में सिर्फ 7 रन खर्चे। वहीं दूसरी तरफ वाशिंगटन सुंदर ने 2 ओवर में 13 रन देकर 2 विकेट झटके। रवि बिश्नोई ने भी एक ओवर डाला जो कि महंगा साबित हुआ। उन्होंने 10 रन खर्चे।
बात करें जापान के बल्लेबाज़ों की तो कप्तान केंडल कडोवाकी-फ्लेमिंग ने 12 गेंदों पर 12 रन बनाए। उनके अलावा बेंजामिन इटो-डेविस ने 8 गेंदों पर नाबाद 9 रन, लचलान यामामोटो-लेक ने 4 गेंदों पर 1 रन, इब्राहिम ताकाहाशी ने 3 गेंदों पर 4 रन और अलेक्जेंडर शिराई-पैटमोर ने 3 गेंदों पर नाबाद 2 रन जोड़े।
Also Read: LIVE Cricket Score
तो ऐसे जापान की टीम 5 ओवर में 3 विकेट खोकर 30 रन ही बना पाई और टीम इंडिया ने ये रोमांचक मुकाबला 2 रनों से अपने नाम कर लिया। एक बार फिर बता दें कि ये मुकाबला भारत-जापान के बीच खेला गया पहला इंटरनेशनल मैच है।