ऑकलैंड, 24 जनवरी| केएल राहुल और मैन ऑफ द मैच श्रेयस अय्यर की तूफानी पारियों के दम पर भारत ने शुक्रवार को ईडन पार्क मैदान पर खेले गए पहले टी-20 मैच में मेजबान न्यूजीलैंड को छह विकेट के से हराकर अपने इस लम्बे दौरे का शानदार आगाज किया। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉस टेलर (नाबाद 54), कोलिन मुनरो (59) और केन विलियम्सन (51) की बेहतरीन पारियों के कारण 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 203 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस लक्ष्य को भारत ने 19 ओवरों में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया।

Advertisement

राहुल ने 27 गेंदों की पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाते हुए 56 रन बनाए। उन्होंने विराट कोहली (45) के साथ दूसरे विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी की। लेकिन जब ये दोनों आउट हो गए तब भारत को जीत दिलाने की जिम्मेदारी अय्यर ने ली और 29 गेंदों पर पांच चौकों तथा तीन छक्कों की मदद से तेज तर्रार नाबाद 58 रनों की पारी खेल अपनी टीम को जीत दिलाई।

Advertisement

इसी के साथ भारत ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। यह भारत की टी-20 में लक्ष्य का पीछा करते हुए तीसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले वो श्रीलंका और विंडीज को इससे ज्यादा रनों का लक्ष्य का पीछा करते हुए हरा चुकी है।

लक्ष्य की पीछा करने उतरी भारत को दूसरे ओवर ही बड़ा झटका लग गया। उप-कप्तान रोहित शर्मा (7) को मिशेल सैंटनर ने टेलर की मदद से पवेलियन में बैठा दिया।

यहां से राहुल और कप्तान कोहली ने भारतीय पारी को संभाला और जीत की रेस में बनाए रखा। अर्धशतक पूरा करने के बाद राहुल 115 के कुल स्कोर पर ईश सोढ़ी की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में टिम साउदी द्वार लपके गए। साउदी ने राहुल का बेहतरीन कैच लपका।

साउदी से एक कदम आगे जाते हुए मार्टिन गुप्टिल ने डीप मिडविकेट पर कोहली का लाजवाब कैच लपक किवी टीम को राहत दी। कोहली पांच रन से अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 32 गेंदें खेलीं जिनमें से तीन पर चौके और एक पर छक्का लगाया।

Advertisement

शिवम दुबे ने एक चौका और एक छक्के की मदद से 13 रन बनाए लेकिन अपने तूफानी अंदाज को और आगे ले जा पाते उससे पहले सोढ़ी का शिकार हो गए।

किवी टीम को यहां से जीत की उम्मीद जगी लेकिन अय्यर ने उन पर पानी फेर दिया। अय्यर के साथ मनीष पांडे 14 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले, न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने अपने तीन बल्लेबाजों के अर्धशतकों के दम पर भारत के सामने 204 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा है। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

Advertisement

गुप्टिल और मुनरो ने तेज शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़े। पहला विकेट आठवें ओवर की अंतिम गेंद पर गिरा जब दुबे ने गुप्टिल को रोहित के हाथों कैच कराया। गुप्टिल ने 19 गेंदों का सामना कर चार चौके और एक छक्का लगाया।

इसके बाद मुनरो ने कप्तान के साथ पारी को आगे बढ़ाना शुरू किया। मुनरो ने अर्धशतक पूरा किया और 116 के कुल योग पर पवेलियन लौटे। मुनरो ने 42 गेंदों पर छह चौके और दो छक्के लगाए। मुनरो का विकेट शार्दूल ठाकुर ने लिया।

कोलिन डी ग्रैंडहोम (0) को 117 के कुल योग पर रवींद्र जडेजा ने आउट किया। अब कप्तान का साथ देने टेलर आए और दोनों ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलना शुरू किया। 178 के कुल योग पर केन आउट हुए। केन ने 26 गेंदों पर चार चौके और इतने ही छक्के लगाए।

Advertisement

केन का स्थान लेने आए विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सेफेर्ट (1) को जसप्रीत बुमराह ने सस्ते में पवेलियन लौटाया लेकिन टेलर एक छोर पर जोरदार बल्लेबाजी करते रहे। टेलर ने इस बीच अपना अर्धशतक पूरा किया। टेलर ने अपनी नाबाद पारी में 27 गेंदों का सामना कर तीन चौके और इतने ही छक्के लगाए। मिशेल सैंटनर दो रनों पर नाबाद लौटे।

भारत की ओर से चहल, बुमराह, शिवम, शार्दूल और जडेजा ने एक-एक सफलता हासिल की। मोहम्मद शमी और शिवम काफी महंगे साबित हुए। शमी ने चार ओवर में 53 रन खर्च किए जबकि शिवम ने तीन ओवर में 44 रन दिए। 
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार