ऑकलैंड, 26 जनवरी| भारत ने अपने 71वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर ऑकलैंड में भी अपना विजयी तिरंगा लहरा दिया है। भारतीय क्रिकेट टीम ने केएल राहुल (नाबाद 57) के लगातार दूसरे अर्धशतक की मदद से रविवार को यहां ईडन पार्क मैदान पर खेले गए दूसरे टी-20 मैच में न्यूजीलैंड को सात विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। भारत ने पहला मैच भी छह विकेट से जीता था। यह पहली बार है जब भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार दो टी-20 मैच जीते हैं।

Advertisement

केएल राहुल को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

Advertisement

टॉस हारकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 132 रनों पर रोक दिया और फिर 15 गेंद शेष रहते तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

न्यूजीलैंड से मिले 133 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की शुरुआत खराब रही और उसने आठ रन के स्कोर पर ही ओपनर रोहित शर्मा (8) का विकेट खो दिया। इसके कप्तान विराट कोहली (11) भी टीम के 39 के स्कोर पर आउट हो गए।

 

कप्तान के आउट होने के बाद पिछले मैच के अर्धशतकधारी राहुल और श्रेयस अय्यर (44) ने तीसरे विकेट के लिए 86 रनों की साझेदारी करके भारत को जीत की मंजिल तक पहुंचा दिया।

राहुल ने 50 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के, जबकि अय्यर ने 33 गेंदों पर एक चौके और तीन छक्के लगाए। शिवम दुबे चार गेंदों पर एक छक्के की मदद से आठ रन बनाकर नाबाद लौटे।

Advertisement

न्यूजीलैंड के लिए तेज गेंदबाज टिम साउदी ने दो और ईश सोढी ने एक विकेट हासिल किया।

इससे पहले, भारत ने अपने गेंदबाजों की किफायती गेंदबाजी के दम पर न्यूजीलैंड को पांच विकेट पर 132 रनों पर रोक दिया। न्यूजीलैंड को मार्टिन गुप्टिल (33) और कोलिन मुनरो (26) ने 5.6 ओवरों में पहले विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी करके अच्छी शुरुआत दी।

लेकिन इसके बाद मेजबान टीम धीमी पड़ गई और 81 रन तक उसने अपने चार विकेट गंवा दिए। इन चार विकेटों में गुप्टिल और मुनरो के अलावा कोलिन डी ग्रैंडहोम (3) और पिछले मैच में अर्धशतक जमाने वाले कप्तान केन विलियम्सन (14) के विकेट भी शामिल हैं।

Advertisement

आखिर के ओवरों में पिछले मैच के अर्धशतकधारी रॉस टेलर (18) और टिम सिफर्ट (नाबाद 33) ने पांचवें विकेट के 44 रनों की साझेदारी करके कीवी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। टेलर का विकेट टीम के 125 के स्कोर पर पांचवें बल्लेबाज के रूप में गिरा।

न्यूजीलैंड के लिए गुप्टिल ने 20 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के, मुनरो ने 25 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का और सिफर्ट ने 26 गेंदों पर एक चौके और दो छक्के लगाए।

भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने अपने चार ओवरों में मात्र 18 रन देकर सबसे ज्यादा दो विकेट चटकाए। उनके अलावा शार्दूल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह और शिवम दुबे को एक-एक विकेट मिला। मोहम्मद शमी ने भी चार ओवरों में केवल 22 रन दिए, हालांकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।
 

Advertisement

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार