India vs Sri Lanka Women's Asian Games 2026 Final Match Report: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने मंगलवार (22 सितंबर) को निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए महिला एशियन गेम्स 2026 के फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 147 रनों के विशाल अंतर से हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया। इस धमाकेदार जीत के साथ ही भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल अपने नाम किया। हार के साथ श्रीलंका के खाते में सिल्वर और पाकिस्तान के हाथों ब्रॉन्ज आया।
147 रनों की जीत रनों के हिसाब से टी-20 इंटरनेशनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सबसे बड़ी जीत है। वहीं इस फॉर्मेट में श्रीलंका की सबसे बड़ी हार है।
मंधाना से भी हारी श्रीलंकाई टीम
217 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम 15.4 ओवर में 69 रन पर ऑलआउट हो गई। पूरी टीम मिलकर भारतीय बैटर स्मृति मंधाना के स्कोर को पार नहीं कर सकी। टॉप स्कोरर रही कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने 21 गेंदों में 29 रन की पारी खेली।
भारत के लिए गेंदबाजी में धमाल मचाते हुए दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट, शेफाली वर्मा, श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी ने 2-2 विकेट लिए।
बल्लेबाजी में स्मृति,शेफाली और ऋचा का कमाल
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम क शुरूआत धमाकेदार रही। स्मृति और शेफाली ने मिलकर पहले विकेट के लिए 10 ओवर में 99 रनों की साझेदारी की।
टॉप स्कोरर रही मंधाना ने 45 गेंदों में 5 चौकों औऱ 7 छक्कों की बदौलत 79 रन की पारी खेली। वहीं नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने आई ऋचा ने 22 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के जड़े। जबकि शेफाली के बल्ले से 29 गेंदों में 48 रन आए।
जिसकी बदौलत भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 216 रन का विशाल स्कोर बनाया।
Also Read: LIVE Cricket Score
श्रीलंका के लिए सुगंधिका कुमारी, कविशा दिलहारी, चामुदी प्रबोदा ने 1-1 विकेट हासिल किया।