SLC-XI vs IND Warm-Up Match: भारत ने श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ तीन दिवसीय वॉर्मअप मुकाबले में शानदार अंदाज में जीत दर्ज की। श्रीलंका XI ने दूसरी पारी 200 रन पर घोषित कर भारत के सामने 207 रन का लक्ष्य रखा था। यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई, जबकि आखिरी में मोहम्मद सिराज ने एक जबरदस्त कैमियो पारी खेलकर मैच खत्म कर दिया। 

Advertisement

कोलंबो के नॉनडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में रविवार (9 अगस्त) को मैच के आखिरी दिन श्रीलंका क्रिकेट XI ने अपनी दूसरी पारी 6 विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाकर घोषित की और भारत के सामने जीत के लिए 207 रन का लक्ष्य रखा।

श्रीलंका क्रिकेट XI के लिए दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज निशान मदुष्का ने 73 गेंदों में 63 रन की सबसे बड़ी पारी खेली। उनके अलावा निपुण धनंजय ने 56 गेंदों में 46 रन बनाए, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज अंजला बंडारा ने 35 गेंदों में 48 रन जोड़े।

207 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल ने शानदार शुरुआते दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 105 रन की शतकीय साझेदारी की। यशस्वी जायसवाल 46 गेंदों में 61 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए। वहीं शुभमन गिल ने 54 गेंदों में 44 रन बनाए। इसके अलावा ऋषभ पंत ने 28 रन का योगदान दिया, जबकि रवींद्र जडेजा 22 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए।

आखिरी में मोहम्मद सिराज ने सिर्फ 15 गेंदों में नाबाद 32 रन की तूफानी पारी खेली और आखिरी ओवर में 6 गेंदों में 16 रन बनाकर भारत को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। भारत ने 207 रन का लक्ष्य हासिल करते हुए 6 विकेट से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया। 

इससे पहले श्रीलंका क्रिकेट XI ने अपनी पहली पारी 363 रन पर घोषित की थी। टीम के लिए रविंदु रसांथा ने 71, निशान मदुष्का ने 66 और कप्तान सोनल दिनुशा ने 52 रन की अर्धशतकीय पारियां खेलीं।

जवाब में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 357 रन बनाकर घोषित की। भारत के लिए देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 164 गेंदों में नाबाद 142 रन की शतकीय पारी खेली थी। रवींद्र जडेजा ने भी 117 गेंदों में 63 रन बनाए थे और रिटायर्ड हर्ट हुए थे।

Also Read: LIVE Cricket Score

गेंदबाजी में भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने दोनों पारियों में 2-2 विकेट चटकाए। वहीं गुरनूर बराड़ ने दोनों पारियों को मिलाकर कुल 3 विकेट अपने नाम किए। 

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार