भारतीय क्रिकेट टीम को आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज हर्षित राणा (Harshit Rana) टूर्नामेंट से बाहर हो सकते हैं, जिसके संकेत भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी दिए हैं ।
बुधवार को नवी मुंबई में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 4 फरवरी को हुए वॉर्मअप मैच के दौरान उन्हें घुटने में चोट आई थी। रन-अप से दो बार हटने के बाद उन्हें अपना गेंदबाज़ी स्पेल बीच में ही छोड़ना पड़ा था। हर्षित ने केवल एक ओवर फेंका, जिसमें 16 रन गए, और इसके बाद घुटने को पकड़ते हुए मैदान से बाहर चले गए।
Also Read: LIVE Cricket Score
बता दें भारत को टी-20 वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच 7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ खेलना है। इस मैच की पूर्व संध्या पर कप्तान सूर्यकुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा, “हर्षित की हालत अच्छी नहीं लग रही है, आज पता चल जाएगा। अगर हर्षित बाहर होते हैं तो यह हमारे लिए बड़ा झटका होगा। हमें दूसरे संयोजनों पर विचार करना पड़ेगा, लेकिन हमारे पास पर्याप्त बेंच स्ट्रेंथ है।”
सूर्यकुमार ने कहा, “चिंता की कोई बात नहीं है, कल के लिए हमारे पास 11 खिलाड़ी हैं। लेकिन जाहिर तौर पर यह एक बड़ा झटका है, क्योंकि 15 खिलाड़ियों की टीम कई तरह के संयोजनों को ध्यान में रखकर बनाई जाती है और हमने भी उसी सोच के साथ टीम चुनी थी। अगर आगे के मैचों में वह हमारे लिए उपलब्ध नहीं रहते हैं, तो हमें दूसरे संयोजन तैयार करने होंगे। हालांकि इस टूर्नामेंट में हर टीम के खिलाफ खेलने के लिए हमारे पास पर्याप्त खिलाड़ी और विकल्प मौजूद हैं। लेकिन अगर हम वह बाहर होते हैं तो हम उन्हें बहुत मिस करेगे।”
राणा ने हाल में न्यूजीलैंड के खिलाफ हुई पांच टी-20 इंटनरनेशनल मैच की सीरीज में तीन मुकाबले खेले थे। तेज गेंदबाजी के अलावा वह निचले क्रम में अच्छी बल्लेबाजी भी कर लेते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान उन्होंने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली थी।