Rajasthan Royals vs Delhi Capitals Preview and Probable XI: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें संस्करण में शुक्रवार को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स का सामना शानदार फॉर्म में चल रही दिल्ली कैपिटल्स से होगा। दिल्ली इस सीजन बेहतरीन फॉर्म में हैं और राजस्थान के लिए उससे निपटना एक बड़ी और मुश्किल चुनौती होगी। दिल्ली हर विभाग में बेहतरीन फॉर्म में चल रही है। उसकी बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों ही लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

Advertisement

दिल्ली के लिए सबसे अच्छी बात यह है कि वह इस सीजन कुछ खिलाड़ियों के लिए दम पर नहीं है। वह संयुक्त प्रदर्शन कर रही है जहां हर कोई अपना योगदान दे रहा है। बल्लेबाजी में पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, कप्तान श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, मार्कस स्टोइनिस हर मैच में अपने बल्ले से योगदान दे रहे हैं।

Advertisement

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ खेले गए पिछले मैच में स्टोइनिस ने निचले क्रम में आकर शानदार पारी खेल टीम को मजबूत स्कोर दिया था। यहीं इस टीम की ताकत है। कोई न कोई दिल्ली के लिए चमक जाता है, जिससे टीम जीत के रास्ते पर बनी रहती है।

गेंदबाजी में मुख्य किरदार निश्चित तौर पर कागिसो रबाडा का रहा है और वह टीम के लिए इस सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। टीम को हालांकि एक बड़ा झटका लगा है। लेग स्पिनर अमित मिश्रा चोट के कारण लीग से बाहर हो गए हैं। पिछले मैच में रविचंद्रन अश्विन ने उनकी कमी पूरी नहीं होने दी थी।

 

अश्विन और अक्षर पटेल ने अपनी फिरकी से बल्लेबाजों को बंधे रखा है और राजस्थान के कमजोर मध्य क्रम को देखते हुए एक बार फिर इन दोनों का काम अहम होगा। रबाडा के साथ एनरिक नॉर्टजे ने नई गेंद बहुत अच्छे से संभाली है। इन दोनों ने अंतिम ओवरों में भी टीम के लिए अच्छा किया है।

राजस्थान की स्थिति दिल्ली से उल्टी है। वो कप्तान स्टीव स्मिथ, जोस बटलर और संजू सैमसन के दम पर है और गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर के दम पर है। यह चलते हैं तो राजस्थान आगे रहती है। सैमसन ने सीजन की शुरुआत में प्रभावित प्रदर्शन किया था लेकिन पिछले कुछ मैचों में वो विफल रहे हैं।

Advertisement

सैमसन के साथ पिछले सीजनों में भी यह देखने को मिला है कि वह सीजन की शुरुआत में जमकर बरसते हैं लेकिन बाद में आते-आते फॉर्म खो देते हैं। अब देखना होगा कि सैमसन इस क्रम को इस सीजन भी जारी रखते हैं या इसे खत्म करते हैं।

राजस्थान के लिए कमजोर मध्य क्रम भी समस्या है जहां उसे नए विकल्प तराशने होंगे। टीम यहां टॉम कुरैन को थोड़ा ऊपर भेज सकती है, जो बल्ले से अच्छा कर रहे हैं।

गेंदबाजी में आर्चर के जिम्मे ही सब कुछ रहा है। कुरैन उनका साथ देते नजर आए हैं और स्पिन में लेग स्पिनर श्रेयस गोपाल ने पिछले मैच में अच्छा किया था। लेकिन निरंतरता टीम के लिए जरूरी है।

Advertisement

यह मैदान छोटा है और यहां पिछले मैचों में हाई स्कोरिंग मुकाबले देखे गए हैं। सैमसन ने इसी मैदान पर ताबड़तोड़ पारी खेली थी और अय्यर ने भी। ऐसे में एक बार फिर यहां निश्चित तौर पर हाई स्कोरिंग मैच की उम्मीद की जा सकती है।

टीमें (सम्भावित) :

राजस्थान रॉयल्स: स्टीव स्मिथ (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, जोस बटलर, महिपाल लोमरोर, राहुल तेवतिया, रियान पराग, संजू सैमसन, रॉबिन उथप्पा, जयदेव उनादकट, कार्तिक त्यागी, टॉम कुरैन।

Advertisement

दिल्ली कैपिटल्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), पृथ्वी शॉ, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), शिखर धवन, शिमरन हेटमायर, अक्षर पटेल, मार्कस स्टोइनिस, इशांत शर्मा, कागिसो रबाडा, रविचंद्रन अश्विन, एनरिक नॉर्टजे।
 

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार