चेन्नई सुपर किंग्स को (CSK) इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले बड़ा झटका लगा है। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नाथन एलिस (Nathan Ellis) टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। फ्रेंचाइजी के सीएओ के.एस. विश्वनाथन ने बुधवार (19 मार्च) को इसकी पुष्टि की।
31 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई तेज़ गेंदबाज़ को हैमस्ट्रिंग में चोट लगी है और वह समय पर ठीक नहीं हो पाएंगे।
सीएसके के सीईओ के के.एस विश्वनाथन ने स्पोर्टस्टार से कहा, "यह हमारे लिए एक बड़ा झटका है। एलिस एक अहम गेंदबाज हैं, खासकर डेथ ओवर्स में। हम उनके विकल्प तलाश रहे हैं।”
एलिस का बाहर होना चेन्नई के लिए बड़ा झटका है क्योंकि टीम ने पिछले सीजन के बाद मथीशा पथिराना को रिलीज कर दिया था। एलिस के अलावा चेन्नई के पास बतौर विदेशी खिलाड़ी तेज गेंदबाजी के लिए मैट हेनरी और जेमी ओवरटन का विकल्प है। जैक फॉक्स भी टीम में हैं लेकिन उनके पास अनुभव नहीं है।
भारतीय तेज गेंदबाज के तौर पर खलील अहमद और अंशुल कंबोज हैं। जिन्होंने पिछले सीजन अपने डेब्यू पर प्रभावित किया था। फिर रामकृष्ण घोष हैं, जिन्होंने सैयद मुश्ताक अली टी-20 में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया था। इनके अलावा दो बाएं हाथ के तेज गेंदबाजी हैं गुरजपनीत सिंह और मुकेश चौधरी।
एलिस की जगह चेन्नई गेराल्ड कोएत्जे, अल्जारी जोसेफ, झाय रिचर्ड्सन, राइली मेरेडिथ, स्पेंसर जॉनसन और वियान मुल्डर जैसे विकल्पों की तरफ जा सकती है क्योंकि उनके पास आईपीएल खेलने का भी अनुभव है।
चेन्नई सुपर किंग्स आगामी सीजन में अपना पहला मैच 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहटी में खेलेगी।