The Hundred Women 2026, SOB-W vs WEF-W: द हंड्रेड विमेंस 2026 के दूसरे मुकाबले में जेमिमा रोड्रिग्स भले ही बल्ले से बड़ी पारी नहीं खेल सकीं, लेकिन फील्डिंग में शानदार डायरेक्ट हिट मारकर सेट बल्लेबाज फ्रेया केम्प को रनआउट किया। इस विकेट ने मैच का रुख बदल दिया और सदर्न ब्रेव को वापसी का मौका दिलाया।
द हंड्रेड विमेंस 2026 के दूसरे मुकाबले में बुधवार (22 जुलाई) को साउथैम्प्टन के द रोज़ बाउल स्टेडियम में सदर्न ब्रेव और वेल्श फायर की टीमें आमने-सामने थीं। 127 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही वेल्श फायर की ओर से जॉर्जिया वोल और फ्रेया केम्प शानदार बल्लेबाजी कर रही थीं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 53 गेंदों में 75 रन की बेहतरीन साझेदारी हो चुकी थी और ऐसा लग रहा था कि मैच धीरे-धीरे वेल्श फायर की तरफ झुक रहा है। ऐसे समय में सदर्न ब्रेव को एक विकेट की सख्त जरूरत थी।
यह मौका पारी की 59वीं गेंद पर आया। जॉर्जिया वोल ने इस गेंद को एक्स्ट्रा कवर की दिशा में खेला। जेमिमा रोड्रिग्स ने गेंद को तेजी से रोक जरुर लिया, लेकिन गेंद उनसे छूट कर थोड़ी दूर भी चली गई। इसी बीच फ्रेया केम्प रन लेने के लिए दौड़ पड़ीं। जेमिमा ने फुर्ती दिखाते हुए तुरंत गेंद उठाई और बल्लेबाज की एंड पर सीधा निशाना साध दिया। उनकी शानदार डायरेक्ट हिट ने स्टंप्स बिखेर दिए और फ्रेया केम्प को 29 गेंदों में 39 रन बनाकर पवेलियन लौटना पड़ा।
VIDEO:
इस रनआउट के साथ वेल्श फायर का स्कोर 80 रन पर तीसरा विकेट हो गया और मैच का मोमेंटम भी बदल गया। इससे पहले जेमिमा रोड्रिग्स बल्लेबाजी में सिर्फ 5 गेंदों पर 4 रन ही बना सकी थीं, लेकिन अपनी शानदार फील्डिंग से उसकी भरपाई करते हुए टीम के लिए बेहद अहम विकेट झटका।
Also Read: LIVE Cricket Score
अगर मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद सदर्न ब्रेव ने निर्धारित 100 गेंदों में 7 विकेट पर 126 रन बनाए। टीम के लिए लौरा वोल्वार्ड्ट ने 36 गेंदों में नाबाद 45 रन की शानदार पारी खेली, जबकि लिजेल ली ने 26 गेंदों पर 31 रन जोड़े। जवाब में वेल्श फायर की ओर से जॉर्जिया वोल ने 39 गेंदों में 52 रन और फ्रेया केम्प ने 29 गेंदों में 39 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज बिल्कुल नहीं चल सकीं। नतीजतन वेल्श फायर 8 रन से मुकाबला हार गई।