Jos Buttler Complete 100 T20I Dismissals: भारत के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में जोस बटलर को भले ही बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला, लेकिन विकेटकीपिंग में उन्होंने बड़ा इतिहास रच दिया। वह टी20 इंटरनेशल में यह खास उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे विकेटकीपर बन गए हैं।
भारत और इंग्लैंड के बीच बुधवार (1 जुलाई) को चेस्टर-ली-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड में खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में जोस बटलर बल्ले से तो मैदान पर नहीं उतर पाए, लेकिन विकेटकीपिंग में उन्होंने एक बड़े रिकॉर्ड लिस्ट में अपना नाम दर्जा करवा लिया। बारिश की वजह से इंग्लैंड की पारी शुरू ही नहीं हो सकी, लेकिन उससे पहले भारतीय पारी के दौरान बटलर ने अपने दस्तानों से इतिहास रच दिया।
भारतीय पारी के 19वें ओवर में आदिल राशिद की गेंद पर हर्षित राणा को स्टंप आउट करते ही जोस बटलर ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में विकेटकीपर के तौर पर अपने 100 शिकार पूरे कर लिए। इसी के साथ बटलर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 शिकार पूरे करने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे विकेटकीपर बन गए।
इंग्लैंड के लिए विकेटकीपर के रूप में खेलते हुए बटलर ने 128 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 127 पारियों के दौरान 100 शिकार पूरे किए हैं। इनमें 80 कैच और 20 स्टंपिंग शामिल हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि सिर्फ साउथ अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक के नाम थी। डी कॉक अब तक 109 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में विकेटकीपर के रूप में कुल 117 शिकार कर चुक हैं। इनमें 98 कैच और 19 स्टंपिंग शामिल हैं और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विकेटकीपर के तौर पर सबसे ज्यादा शिकार करने का रिकॉर्ड भी फिलहाल उन्हीं के नाम दर्ज है।
भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। धोनी ने 2006 से 2019 के बीच खेले गए 98 टी20 इंटरनेशनल मैचों में विकेटकीपिंग करते हुए 91 शिकार किए थे, जिसमें 57 कैच और 34 स्टंपिंग शामिल थीं।
टी20 इंटरनेशनल में विकेटकीपर के तौर पर सबसे ज्यादा शिकार
- क्विंटन डी कॉक (साउथ अफ्रीका) – 117 शिकार
- जोस बटलर (इंग्लैंड) – 100 शिकार
- महेंद्र सिंह धोनी (भारत) – 91 शिकार
- इरफान करीम (केन्या) – 90 शिकार
- डिडियर एनदिकुबविमाना (रवांडा) – 89 शिकार
Also Read: LIVE Cricket Score
अगर मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 189 रन बनाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 47 गेंदों में 68 रन, अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों में 59 रन और शिवम दुबे ने 21 गेंदों में नाबाद 42 रन की शानदार पारी खेली। हालांकि भारतीय पारी खत्म होने के बाद बारिश शुरू हो गई और खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका। लगातार बारिश के कारण मुकाबला बिना किसी नतीजे के रद्द घोषित कर दिया गया।