ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने कहा है कि मैदान के बाहर उनकी पूर्व ओपनर उस्मान ख्वाजा के साथ कभी कोई करीबी नहीं रही, जबकि डेविड वॉर्नर के साथ उनकी बॉन्डिंग काफी मजबूत थी।
हेजलवुड की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'सब्र' के कारण ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट जगत में 2018 के बॉल-टैम्परिंग विवाद को लेकर काफी हलचल मची हुई है। 'द हेराल्ड सन' के अनुसार, हेजलवुड ने कहा, "मुझे लगता है कि डेविड वॉर्नर के साथ मेरी हमेशा काफी अच्छी बनी। हमारी कई रुचियां एक जैसी थीं। मैंने उनके साथ काफी क्रिकेट खेला है, शायद उस्मान की तुलना में कहीं ज्यादा। पिछले चार-पांच वर्षों में जब मैं चोटिल था, तब उस्मान ने काफी क्रिकेट खेला। मैंने वॉर्नर के साथ काफी 'व्हाइट बॉल' क्रिकेट खेला, वर्ल्ड कप जैसे टूर्नामेंट खेले और उन पलों को साथ मिलकर सेलिब्रेट भी किया।"
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह और ख्वाजा शायद ही कभी बात करते थे, तो तेज गेंदबाज ने हां में जवाब दिया। हेजलवुड ने कहा, "हां, ऐसा कहना सही होगा। मुझे लगता है कि किसी भी कार्यस्थल पर- चाहे वह खेल हो या कोई ऑफिस, जहां 20 लोगों की टीम हो, वहां हमेशा 2-3 लोग ऐसे होते हैं जिनके साथ आपकी निजी तौर पर उतनी नहीं बनती। पेशेवर स्तर पर आप एक-दूसरे के साथ अच्छे से काम करते हैं और मैंने भी अपने सभी साथियों के साथ ऐसा ही किया। मैंने कोशिश की। मैं उनसे नफरत नहीं करता था और न ही उनसे जानबूझकर बचता था, लेकिन मैंने उनके साथ निजी समय बिताने के लिए कभी कोई खास कोशिश भी नहीं की।"
हेजलवुड ने यह भी माना कि 2018 के साउथ अफ्रीका दौरे पर गई टीम एक एकजुट इकाई नहीं थी। उन्होंने कहा, "उस समय की टीम के बारे में एक बात यह कही जा सकती है कि यह बहुत करीबी टीम नहीं थी। अब अक्सर गेंदबाज बनाम बल्लेबाज वाली बात सामने आती है, तो हो सकता है कि उस समय यह कुछ हद तक सच रही हो। पोर्ट एलिजाबेथ का चेंज-रूम काफी लंबा और संकरा है। मुझे लगता है कि यह मान लेना सही होगा कि गेंदबाज एक तरफ थे और बल्लेबाज दूसरी तरफ।"
Also Read: LIVE Cricket Score
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने कहा, "'सब्र' में ख्वाजा ने टीम पर आरोप लगाया कि उसने वॉर्नर, स्टीव स्मिथ और कैमरन बैनक्रॉफ्ट का साथ नहीं दिया। हेजलवुड ने कहा कि इन बातों से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ा। सच कहूं तो, मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है। मुझे लगता है कि हर किसी के पास अपनी कहानी होती है। मुझे इन बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता है। मुझे किसी भी बात से बुरा नहीं लगा। चाहे यह बात कभी भी सामने आती, सुर्खियां तो वैसी ही बनतीं - चाहे आज, या पांच-दस साल बाद। सच कहूं तो, मैं इस बारे में ज्यादा नहीं सोचता। अगर वह चीजों को इस तरह पेश करना चाहते हैं और अपनी कहानी बताना चाहते हैं, तो ठीक है।"