ऑलराउंडर सोफिया डंक्ली (नाबाद 73) रन की अर्धशतकीय पारी और कैटी क्रॉस (5/34) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड की महिला टीम ने यहां द कूपर एसोसिएट काउंटी ग्राउंड में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में भारत को पांच विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढत बना ली है।भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान मिताली राज के 92 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 59 रन के दम पर 50 ओवर में 221 रन बनाए।

Advertisement

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने डंक्ली के 81 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के के सहारे नाबाद 73 रन की मदद से 47.3 ओवर में पांच विकेट पर 225 रन बनाकर मैच जीता।

Advertisement

भारत की ओर से पूनम यादव ने दो विकेट लिए जबकि झूलन गोस्वामी, शिखा पांडे और स्नेह राणा को एक-एक विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरूआत कुछ खास नहीं रही थी और उसने टैमी ब्यूमोंट (10) और कप्तान हीथर नाइट (10) के विकेट जल्द ही गंवा दिए।

लॉरेन विनफिल्ड हिल ने कुछ देर तक पारी को संभाला लेकिन वह 42 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद नताली स्काइवर (19) और एमी एलेन जोन्स (28) भी अपना विकेट गंवा बैठी।

हालांकि, डंक्ली ने कैथरिन ब्रंट के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 92 रनों की अविजित साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई। कैथरिन 46 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 33 रन बनाकर नाबाद रहीं।

Advertisement

इससे पहले, भारतीय टीम को शैफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने अच्छी शुरूआत दिलाई और दोनों ने पहले विकेट के लिए 56 रन जोड़े। इस जोड़ी को कैटी ने मंधाना को आउट कर तोड़ा, जिन्होंने 30 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 22 रन बनाए। इसके बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई और उसने जेमिमा रॉड्रिग्स (8) और शैफाली (55 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 44 रन) के विकेट गंवाए।

इसके बाद मिताली ने हरमनप्रीत कौर के साथ मिलकर पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन हरमनप्रीत (19) रन बनाकर आउट हो गईं। एक तरफ जहां भारत के विकेट गिरते रहे तो वहीं मिताली दूसरे छोर से पारी को संभाले रहीं लेकिन अंत में वह रनआउट हो गईं।

भारत की पारी में दीप्ति शर्मा ने पांच, स्नेह ने पांच, तानिया भाटिया ने दो, शिखा ने दो रन और पूनम ने 10 रन बनाए, जबकि झूलन 19 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 20 रन बनाकर नाबाद रहीं। मिताली ने 92 गेदों में 6 चौकों की मदद से 59 रनों की पारी खेली।

Advertisement

इंग्लैंड की ओर से कैटी के अलावा सोफी एक्लेस्टोन ने तीन विकेट और नताली स्काइवर ने एक विकेट लिया।
 

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार