KL Rahul Record: दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के सलामी बल्लेबाज़ केएल राहुल (KL Rahul) ने बीते शुक्रवार, 01 मई को आईपीएल 2026 (IPL 2026) के 43वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के खिलाफ 40 गेंदों पर 6 चौके और 5 छक्के ठोककर 75 रनों की तूफानी पारी खेली। गौरतलब है कि इसी के साथ उन्होंने एबी डी विलियर्स (Ab de Villiers) के एक बेहद ही खास रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, 34 साल के केएल राहुल अब आईपीएल के इतिहास में राजस्थान रॉयल्स के सामने सर्वाधिक पचास प्लस स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 18 इनिंग में आठ पचास प्लस स्कोर बनाकर ये कारनामा किया और 'मिस्टर 360' एबी डी विलियर्स के रिकॉर्ड की बराबरी की। एबी ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 20 पारियों में 08 पचास प्लस स्कोर बनाए थे।
IPL में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सर्वाधिक 50 प्लस स्कोर
- एबी डी विलियर्स - 08 (20 पारी)
- केएल राहुल - 08 (18 पारी)
- शिखर धवन - 07 (24 पारी)
- विराट कोहली - 07 (33 पारी)
खास बात तो ये भी है कि केएल राहुल साल 2026 के आईपीएल सीजन के मौजूदा ऑरेंज कैप होल्डर (सीजन में सर्वाधिक रन) हैं। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए 9 मैचों में 54.12 की औसत और 185.83 की स्ट्राइक रेट से 433 रन बनाए है। उनके बाद इस लिस्ट में सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा हैं, जिन्होंने 9 मैचों में 425 रन ठोके हैं।
दिल्ली कैपिटल्स ने 7 विकेट से जीता मैच: IPL 2026 का 43वां मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला गया था जहां राजस्थान रॉयल्स की टीम ने पहले बैटिंग की और कैप्टन रियान पराग की 50 गेंदों पर 90 रनों की पारी के दम पर 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 225 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स के लिए केएल राहुल (40 गेंदों पर 75 रन) और पथुम निसांका (33 गेंदों पर 62 रन) ने अर्धशतक ठोके जिसके दम पर मेहमान टीम ने 19.1 ओवर में 226 रनों का लक्ष्य हासिल करके 7 विकेट से जीत प्राप्त की। ये टूर्नामेंट में दिल्ली कैपिटल्स की चौथी जीत है और वो पॉइंट्स टेबल पर 9 मैचों में 8 अंकों के साथ छठे पायदान पर हैं।