ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में भारत महिला टीम को अच्छा स्टार्ट मिला था, लेकिन एक गलती भारी पड़ गई। हरमनप्रीत कौर के साथ तालमेल की कमी के चलते अर्धशतक जड़ने के बाद प्रतिका रावल रन-आउट हो गईं और टीम को बड़ा झटका लग गया।

Advertisement

होबार्ट के बेलेरिव ओवल में शुक्रवार (27 फरवरी) को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए दूसरे वनडे में भारतीय महिला टीम ने शुरुआत तो शानदार की, लेकिन गलतफहमी ने पूरा गेम पलट दिया। अच्छी लय में बल्लेबाजी कर रहीं भारतीय बल्लेबाज प्रतिका रावल एक ऐसे रन-आउट का शिकार हुईं, जिसने भारत की पारी की रफ्तार तोड़ दी।

Advertisement

दरअसल, पारी का 23वां ओवर चल रहा था। ऑस्ट्रेलिया की स्पिनर अलाना किंग ने मिडल स्टंप पर गेंद फ्लाइट की। रावल ने ड्राइव करते हुए मिड-ऑन की दिशा में शॉट लगाया और तुरंत सिंगल के लिए दौड़ पड़ीं। लेकिन नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़ी कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रन लेने से इनकार कर दिया।

जब तक रावल को एहसास हुआ कि हरमनप्रीत ने मना कर दिया है, तब तक वह काफी आगे पहुंच चुकी थीं और वापसी का कोई मौका नहीं था। एनाबेल सदरलैंड ने फुर्ती दिखाते हुए गेंद उठाई और सटीक थ्रो विकेटकीपर बेथ मूनी के पास पहुंचा, जिन्होंने गिल्लियां बिखेर दीं। प्रतिका 81 गेंदों में 52 रन बनाकर रन-आउट हो गईं।

VIDEO:

Also Read: LIVE Cricket Score

इससे पहले रावल और स्मृति मंधाना (31) ने पहले विकेट के लिए 78 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई थी। हालांकि इसके बाद हरमनप्रीत कौर ने 70 गेंदों में 54 रन की पारी जरुर खेली, लेकिन सामने से खास साथ नहीं मिला और पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 50 ओवर में 251 रन ही बना सकी। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने जॉर्जिया वोल (101) और फोएबे लिचफील्ड (80) की शानदार पारियों की बदौलत 83 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया और सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। अब तीसरा वनडे रविवार (1 मार्च) को इसी मैदान पर खेला जाएगा, जहां भारतीय टीम सम्मान बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

Advertisement

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार